
कवर्धा की ऐतिहासिक खप्पर यात्रा (Photo Patrika)
Khappar Yatra: नवरात्र पर 19 और 20 अक्टूबर की दरम्यानी रात कवर्धा में निकलने वाली पारंपरिक देवी खप्पर यात्रा को लेकर कबीरधाम पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। मां दंतेश्वरी, मां परमेश्वरी और मां चंडी मंदिर से निकलने वाली यात्राओं के दौरान सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से निगरानी होगी। सुरक्षा व्यवस्था को सात सेक्टरों में बांटकर पुलिस अधिकारियों और जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के लिए रिजर्व बल भी तैयार रहेगा।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में सुरक्षा योजना तैयार की गई है। तीनों मंदिरों की यात्राओं के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें और पेट्रोलिंग पार्टियां गठित की गई हैं। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यात्रा मार्ग पर एकता चौक, जयस्तंभ चौक, गायत्री मंदिर चौक, महामाया मंदिर चौक और राजमहल चौक में रस्सा पार्टी तैनात रहेगी। सिग्नल चौक और महामाया मंदिर चौक पर पेट्रोलिंग पार्टी, एकता चौक और राजमहल चौक पर बोल्ड एक्शन पार्टी की ड्यूटी लगाई गई है। भीड़ बढऩे या अव्यवस्था की स्थिति बनने पर टीमें तत्काल कार्रवाई करेंगी। जिला विशेष शाखा भी सूचना संकलन और निगरानी करेगी।
शहर के भीतर सुरक्षा के साथ बिलासपुर, राजनांदगांव, रायपुर और भोरमदेव मार्ग पर आउटर एवं हाईवे पेट्रोलिंग लगातार सक्रिय रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली थाना परिसर में रिजर्व बल को स्टैंडबाय पर रखा जाएगा, ताकि जरूरत पडऩे पर तत्काल मौके पर भेजा जा सके।
यात्रा के दौरान भीड़ को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर वाहनों का आवागमन नियंत्रित किया जा सकता है। आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू होगा। पुलिस ने नागरिकों से यात्रा मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
कबीरधाम पुलिस ने श्रद्धालुओं और आयोजन समितियों से धार्मिक परंपरा की गरिमा बनाए रखने तथा शांति और भाईचारे के साथ आयोजन में शामिल होने की अपील की है। पुलिस की ओर से लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित अपुष्ट सूचनाओं को साझा करने से बचने कहा गया है। धार्मिक भावनाएं भडक़ाने, अफवाह फैलाने, विवाद उत्पन्न करने या कानून-व्यवस्था बिगाडऩे वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांति बनाए रखना प्राथमिकता है।
Updated on:
19 Oct 2026 11:39 am
Published on:
19 Oct 2026 11:39 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
