कवर्धा

कुपोषण में जकड़ रहा इनका बचपन, चार माह में मिले 78 अति गंभीर कुपोषित बच्चे

1 अप्रैल 2018 से मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में डॉक्टरों ने जांच किया, जिसमें 78 बच्चे अति गंभीर कुपोषित मिले
2 min read
• •
Updated: 26 Jul 2018, 3:04 PM IST
kuposhan
कुपोषण में जकड़ रहा इनका बचपन, चार माह में मिले 78 अति गंभीर कुपोषित बच्चे

कवर्धा . केंद्र व प्रदेश सरकार कुपोषण दूर करने लाख कोशिश कर रही है, लेकिन मुख्यमंत्री के नाम से बनी मुख्यमंत्री बाल संर्दभ योजना के तहत मिले रिपोर्ट से विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लग रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना चला जा रही है। इस योजना के तहत आंगनबाड़ी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों द्वारा किया जाता है। जांच के बाद तीन ग्रेड निकाला जाता है। इसमें मध्यम कुपोषित, अति कुपोषित व अति गंभीर कुपोषित बच्चों को ग्रेड में बांटा जाता है। इस योजना के तहत जिले में लगातार बच्चों की जांच की जा रही है। जांच के बाद आए रिपोर्ट में खुलासा हुआ। महिला बाल विकास द्वारा कुपोषण दूूर करने चला जा रहे अभियान व योजना फ्लाप हो रहे हैं। जिले में बच्चों में कुपोषण की स्थिति भयवाह होती जा रही है।

1 अप्रैल 2018 से मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में डॉक्टरों ने जांच किया, जिसमें 78 बच्चे अति गंभीर कुपोषित मिले। जबकि चार माह में 568 बच्चों की जांच हुई है। 568 में 78 बच्चे अति गंभीर कुपोषित मिले हैं। इससे साफ है जिले में लगातार कुपोषित बच्चों की संख्या कम नहीं है। 78 अति गंभीर कुपोषित बच्चो को जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया।

जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में चार माह से लेकर 568 बच्चों को मुख्यमंत्री बाल संर्दभ योजना के तहत बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान करीब 378 कुपोषित बच्चे मिले। वहीं कुछ बच्चे मध्यम कुपोषित मिले। इस प्रकार 568 में 521 बच्चों को दवाई वितरण किया गया। डॉक्टर केवल जांच करते हैं, जबकि दवाई से लेकर अन्य खर्च महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा किया जाता है।

मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र इंदौरी में 51 बच्चों की शारीरिक जांच की गई। जांच में पांच अति गंभीर कुपोषित बच्चों की पहचान की गई। अति गंभीर कुपोषित बहरमुडा आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 2 से दो बच्चे, ग्राम पंचायत खपरी से एक, इंदौरी के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 2 से एक और ग्राम छोटे रगरा के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 2 से एक बच्चे की पहचान अति कुपोषित बच्चे के तौर पर की गई। इसी तरह से अन्य कई सेंटर में भी बड़ी संख्चा में कुपोषित बच्चे मिले। इसके बाद बच्चों को जिला चिकित्सालय स्थित एनआरसी में अपने बच्चों की जांच व उपचार कराने कहा गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग कबीरधाम के कार्यक्रम अधिकारी एलआर कच्छप ने कहा कि बाल संदर्भ योजना के तहत कुछ बच्चे कुपोषित मिले हैं। इन बच्चों को चिन्हांकित कर सुपोषित करने दवाई व पोषण आहार वितरण किया जाता है। कलस्टरवार शिविर भी लाएं जाते हैं। गंभीर कुपोषित होने पर जिला अस्पताल एनआरसी भेजा जाता है।

Published on: