कंपनी से छूटकर भागी युवती गांव पहुंची जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ।
कवर्धा. 9 हजार रुपए मजदूरी का लालच देकर पंडरिया ब्लॉक के 30 से अधिक बैगाओं और बच्चों को बैंगलोर की एक कंपनी ने बंधक बना लिया है। कंपनी से छूटकर भागी युवती गांव पहुंची जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ। गांव वाले युवती को लेकर पुलिस अधीक्षक के पास पहुंचे और बंधकों की छुड़ाने की फरियाद लगाई। बंधकों को छुड़ाने के लिए कवर्धा पुलिस टीम बैंगलोर जाएगी।
ग्रामीणों ने बताया कि चार माह पूर्व ग्राम पंचायत अमनिया के आश्रित ग्राम अमलीटोला के 24 युवक, युवती व कुछ विवाहित लोगों को मुंगेली के एक दलाल ने काम व पैसे का लालच दिया। बैगा लोग दलाल की बातों में आ गए और चार माह पूर्व बैंगलोर चले गए। इनके साथ बच्चे भी हैं। वहां पर उन्हें काठाबाड़ी पल्प जूस कंपनी में काम पर लगा दिया गया, लेकिन पैसे नहीं दिए गए। पैसे मांगने पर मारपीट की जाती है। घर वापस नहीं आ द रहे हैं। मोबाइल पर किसी से बात नहीं करने देते। कंपनी में ही कैद करके रख दिया गया है। वहीं बच्चों को एक कमरे में बंद कर दिया जाता है।
बंधक बनाए गए बैगा युवक-युवती बैंगलोर में मैंगू जूस बनाने का काम कर रहे हैं। बैंगलोर में बड़ी संख्या में जूस कंपनी हैं। स्थानीय स्तर पर मजदूरों की कमी होने के चलते यह अन्य प्रदेश से ग्रामीण मजदूरों को बंधक बनाकर उनसे काम लेते हैं।
केवल अमलीटोला से ही बैगा बैंगलोर में बंधक नहीं है। युवती ने बताया कि बैंगलोर में पंडरिया के ही बदना और घोघरा पंचायत के 10 से अधिक लोग बंधक हैं। ग्राम कौआनार के दो युवक कुछ दिन पूर्व ही कंपनी से भागकर घर पहुंचे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि ब्लॉक के बड़ी संख्या में बैगा युवक-युवती बंधक हो सकते हैं।
जिला पुलिस की टीम बैंगलोर रवाना होगी। इनके साथ राजस्व विभाग और श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रहेंगे। कंपनी से छूटकर भागी युवती के बताए अनुसार बैंगलोर के उक्त स्थान पर दबिश देकर वहां मौजूद सभी बैगा युवक-युवतियों को छुड़ाया जाएगा।