खंडवा

ह्यूमन एंगल : भोपाल में अटकी 2 करोड़ अनुग्रह राशि,इंतजार में 125 मृतक परिवारों की पथराई आंखें

नगरीय क्षेत्र में सात माह के भीतर संबल योजना के 125 लोगों की मृत्यु हो गई। परिवार को अंत्येष्टि राशि मिल गई। लेकिन मृतकों के परिजनों को अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिली है। इसको लेकर परिजन सरकारी दफ्तरों का चक्कर काट रहे हैं।
2 min read
Jul 08, 2026
Sambal Yojana
खंडवा : भोपाल में अटकी दो करोड़ रुपए की अनुग्रह राशि : फोटो एआई

नगरीय क्षेत्र में सात माह के भीतर संबल योजना के 125 लोगों की मृत्यु हो गई। परिवार को अंत्येष्टि राशि मिल गई। लेकिन मृतकों के परिजनों को अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिली है। इसको लेकर परिजन सरकारी दफ्तरों का चक्कर काट रहे हैं।

बुढ़ापे में छिना सहारा, आर्थिक सहायता के लिए चक्कर

बेटे की अंत्येष्टि करने के सात माह बाद भी 70 वर्षीय विधवा सुंदरबाई को अनुग्रह राशि का इंतजार है। संत रैदास वार्ड निवासी सुंदरबाई अपने बेटे संतोष के निधन के बाद से नगर निगम, बैंक से लेकर कलेक्टर कार्यालय का चक्कर लगा रही हैं। पति मनोहर दास के निधन के बाद संतोष ही उनका सहारा था, जिसके चले जाने के बाद अब वह आर्थिक सहायता के लिए भटक रही हैं।

सात माह में पांच लाख से अधिक अंत्येष्टि राशि

नवंबर-2025 में संतोष का निधन हुआ था। जिसके बाद उन्हें पांच हजार रुपए अंत्येष्टि राशि तो मिल गई है। लेकिन दो लाख रुपए की अनुग्रह राशि अभी तक नहीं मिली है। नगर निगम कार्यालय पहुंची सुंदरबाई ने अधिकारियों के समक्ष अपना दर्द बयां किया। यह अकेले सुंदरबाई की कहानी नहीं है। नगरीय क्षेत्र में ऐसे 125 से अधिक परिवार हैं, जिन्हें अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिली है।

सात माह से दो करोड़ रुपए अनुग्रह राशि अटकी

जिले में सात माह के भीतर दो करोड़ रुपए से अधिक की राशि भोपाल से जारी नहीं हो पाई है। मृतक वसंती प्रजापति और यशवंत कुमार छाया के परिजन भी 14 नवंबर को राशि स्वीकृत होने के बाद से अनुग्रह राशि के लिए लगातार भटक रहे हैं।

इनका कहना : नवीन शुक्ला, योजना अधिकारी

मृतक परिजनों को अंत्येष्टि राशि दी जा चुकी है। अनुग्रह राशि शासन से भेजी जानी है। विभाग को इस संबंध में रिमाइंडर भेजा गया है और यह राशि जल्द ही सिंगल क्लिक के माध्यम से जारी की जाएगी।

Updated on:
08 Jul 2026 12:12 pm
Published on:
08 Jul 2026 12:12 pm