7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नांदेड़ रेल मंडल की बैठक में सांसद ने अधूरे रेल कार्यों पर जताई नाराजगी

नांदेड़ रेल मंडल कार्यालय में आयोजित सांसदों की बैठक में खंडवा-बुरहानपुर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने खंडवा-तुकाईथड़ रेलखंड पर अधूरे विद्युतीकरण और गेज कन्वर्जन कार्यों को लेकर रेलवे अधिकारियों से जवाब-तलब किया। उन्होंने जल्द ट्रेन संचालन शुरू करने और क्षेत्र की रेल सुविधाओं का विस्तार करने की मांग रखी।
less than 1 minute read
Google source verification
नांदेड़ रेल मंडल कार्यालय में आयोजित सांसदों की बैठक

दक्षिण मध्य रेलवे के महाप्रबंधक संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में महाराष्ट्र के नांदेड़ रेल मंडल कार्यालय में सोमवार को क्षेत्रीय सांसदों की बैठक आयोजित हुई। इस दौरान मध्य रेल समिति के सदस्य मनोज सोनी भी मौजूद रहे। बैठक में सांसद पाटिल ने खंडवा-तुकाईथड़ के बीच विद्युतीकरण और गेज कन्वर्जन कार्य में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वर्ष 2024 में खंडवा, आमलाखुर्द और तुकाईथड़ के बीच सीआरएस निरीक्षण पूरा होने के बावजूद विद्युतीकरण साथ में नहीं किया गया। यदि यह कार्य समय पर पूरा हो जाता तो खंडवा-सनावद मेमू ट्रेन का संचालन तुकाईथड़ तक शुरू किया जा सकता था। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यप्रणाली में सुधार लाने और आम जनता को शीघ्र ट्रेन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।

तिरुपति ट्रेन खंडवा व ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक चलाए

बैठक में सांसद ने तिरुपति-अकोला ट्रेन का विस्तार खंडवा और ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक करने का प्रस्ताव भी रखा। इस पर महाप्रबंधक ने संबंधित विषय को मध्य रेलवे के समक्ष भेजकर आवश्यक स्वीकृति लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सनावद से ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक रेलवे ट्रेक का सीआरएस हो गया है, स्टेशन भी बनकर तैयार है। इसे शीघ्र यात्रियों के लिए शुरू किया जाए। जिससे यात्री खंडवा से सीधे ओंकारेश्वर रोड स्टेशन तक यात्रा कर ओंकारेश्वर जा सके। अभी यात्रियों को सनावद से बस या अन्य किसी साधन से ओंकारेश्वर जाना पड़ रहा है।

नई ट्रेनों का संचालन करने की मांग

सांसद ने नांदेड़ से खंडवा होते हुए उत्तर भारत के प्रमुख शहरों पटना, वाराणसी, अयोध्या और नई दिल्ली के लिए नई ट्रेनों का संचालन शुरू करने की मांग भी रखी। उनका कहना था कि इससे क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम होगा।