6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग आइएमडी के अलर्ट मैसेज खंडवा में डरा रहे किसानों को, बोवनी भी हो रही प्रभावित

-शनिवार का था आइएमडी का रेड अलर्ट, महज 6 मिमी हुई बारिश -रविवार को यलो अलर्ट, निकली तेज धूप, हवा थमी, अब तीन दिन बारिश की चेतावनी
2 min read
Google source verification

खंडवा

image

Manish Arora

Jul 06, 2026

India Meteorological Department

खंडवा. फोटो एआइ।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) द्वारा रोजाना मौसम को लेकर अलर्ट जारी किए जा रहे है। ये अलर्ट मैसेज किसानों के काम तो नहीं आ रहे, डरा जरूर रहे है। शनिवार को बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया, लेकिन शहर में महज 6 मिमी बारिश हुई। जिलेभर में भी बारिश का औसत 16.4 मिमी रहा। वहीं रविवार को आइएमडी ने यलो अलर्ट दिया, लेकिन कोई बारिश नहीं हुई।

भारी बारिश के साथ बिजली का अलर्ट

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) ने देशभर में जिला कृषि मौसम इकाईयों को बंद कर दिया है। इसकी जगह एआइ के माध्यम से लोगों को फोन पर मौसम संबंधित अलर्ट मैसेज जारी किए जा रहे है। शनिवार शाम को आइएमडी ने मैसेज जारी किया था, जिसमें खंडवा सहित आलीराजपुर, बालाघाट, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, धार, इंदौर, झाबुआ, खंडवा में बहुत भारी बारिश, आंधी और बिजली गिरने के साथ तेज हवा की संभावना जताई गई थी। खंडवा में शनिवार दोपहर बाद बारिश ही नहीं हुई। रविवार को भी आसमान पर सुबह बादल छाए और दोपहर में तेज धूप निकल आई। तापमान भी स्थिर रहा। अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री और न्यूनतम 19.0 डिग्री रहा।

तीन दिन मध्यम बारिश की चेतावनी

भोपाल के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि आगामी तीन दिन खंडवा में मध्यम बारिश की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से बादल गुजरात होते हुए मप्र की ओर आ गए है। जिससे आने वाले तीन दिन खंडवा जिले में मध्यम बारिश होगी। इसके साथ ही तेज हवा भी चल सकती है।

जिले में 16.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज

पिछले 24 घंटे शनिवार सुबह 8 से रविवार सुबह 8 बजे तक जिले में कुल 16.4 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इसमें खंडवा में 6 मिमी, नया हरसूद में 30.0 मिमी, पंधाना में 15 मिमी, पुनासा में 14 मिमी और खालवा में 17.0 मिमी वर्षा दर्ज हुई। पिछले साल की तुलना में इस साल बारिश का आंकड़ा 45.2 मिमी अधिक हो गया है। इस साल 1 जून से अब तक जिले में कुल 232.8 मिमी वर्षा हो चुकी है। वहीं, पिछले साल 1 जून से 5 जुलाई तक कुल 187.6 मिमी वर्षा हुई थी।