खंडवा

खंडवा में वॉलीबॉल के महाकुंभ का आगाज

20वीं राष्ट्रीय यूथ वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ, पहले दिन पुरुष वर्ग में यूपी और जम्मू-कश्मीर, महिला वर्ग में उप्र-झारखंड के बीच हुआ मैच
2 min read
Jan 02, 2018
20th National Volleyball Contest in khandwa
20th National Volleyball Contest in khandwa

खंडवा. 20वीं राष्ट्रीय यूथ वॉलीबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ मंगलवार को नगर निगम स्टेडियम पर दोपहर में होगा। इसके पूर्व सुबह शहर के प्रमुख मार्गों से खिलाडिय़ों ने मार्च पास्ट कर बैंड-बाजों की धुन पर रैली निकाली। प्रतियोगिता के लिए पूरे देश के २९ प्रांतों के महिला-पुरुष खिलाड़ी खंडवा पहुंच चुके हैं। शुभारंभ से पहले 10 बजे उत्कृष्ट विद्यालय प्रांगण से सभी प्रांतों की टीमें अपने हाथों में ध्वज और प्रांत की नेम प्लेट लेकर मार्च करते हुए शहर के बीच से निकलेंगी। इस मार्च पास्ट में बैंड-बाजों के साथ अलग-अलग सांस्कृतिक दल की टीमें भी अपना प्रदर्शन करते हुए चलेंगी। इस दौरान पुष्पवर्षा कर खिलाडिय़ों का स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद नंदकुमार सिंह चौहान, प्रभारी ऊर्जा मंत्री पारसचंद जैन, शिक्षामंत्री विजय शाह, पर्यटन विभाग के चेयरमैन तपन भौमिक, जिपं अध्यक्ष हसीनाबाई भाटे, वॉलीबाल के राष्ट्रीय कोच श्रीधरन, प्रतियोगिता के संयोजक रूद्रप्रताप सिंह, विधायक देवेन्द्र वर्मा, महापौर सुभाष कोठारी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहेंगे।
पहले दिन के मुकाबले
मंगलवार को शुभारंभ मैच पुरुष वर्ग में उत्तरप्रदेश बनाम जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश बनाम उत्तराखंड, महिला वर्ग में उत्तरप्रदेश बनाम झारखंड और आंध्रप्रदेश बनाम छत्तीसगढ़ के बीच होंगे।
दिन-रात होंगे मैच
स्टेडियम पर प्रतियोगिता के लिए चार कोर्ट तैयार हो चुके हैं। इनके चारों ओर फिलड लाइट लगाकर रोशन किया गया है। जिन पर दिन-रात मिलाकर करीब ८० मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता के चारों ओर दर्शक दीर्घा का निर्माण भी किया गया है। खिलाडिय़ों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर अधिकारियों और आयोजकों ने सोमवार को व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। प्रतियोगिता में विजेता टीम को खेल विभाग सम्मानित करेगा, वहीं महापौर ट्राफी से टीम को सम्मानित किया जाएगा।
हर दिन प्रशासन के लोग रहेंगे अतिथि
भाजपा खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विशाल राजौरिया ने सोमवार रात्रि में प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि आयोजन में प्रतिदिन एक मंत्री और एक अधिकारी शामिल रहेंगे। साथ ही सेना के अधिकारी भी आएंगे, जो १०० खिलाडि़यों का चयन करेंगे। उन्होंने बताया कि इतने छोटे शहर में कभी भी नेशनल प्रतियोगिता के लिए अनुमति नहीं मिलती फिर भी सभी व्यवस्था उपलब्ध कराने के आश्वासन पर यह मिला है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता से खंडवा को कुछ न कुछ लाभ हो। इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। प्रतियोगिता में विधायक, महापौर, बॉलीबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष रूद्रप्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
एमपी के महिला टीम का चयन
एमपी के महिला टीम का चयन सोमवार को किया गया। इसमें शीतल कप्तान, रिया, दिव्या, विशाषा, देवांशी, शिवानी, गुरप्रीत, समरप्रीत, गायत्री, शिल्पी, रूबी, अकांक्षा शामिल हैं। जबकि कोच अब्दुल हक और ममता देव, मैनेजर संदीप गुप्ता शामिल हैं।
इन प्रांतों से पहुंची टीमें
पुरुष वर्ग में
सांई (भारतीय खेल प्राधिकरण), गुजरात, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तेलंगाना, राजस्थान, मध्यप्रदेश, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, पांडुचेरी, त्रिपुरा, केरला, पंजाब, पंश्चिम बंगाल, उड़ीसा, चंडीगढ़, झारखंड, तमिलनाडू, उत्तरप्रदेश, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, जम्मू काश्मीर, बिहार, उत्तराखंड की टीम शामिल हैं।
महिला वर्ग में
सांई (भारतीय खेल प्राधिकरण), उत्तरप्रदेश, आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, गुजरात, पंजाब, बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, केरला, चंडीगढ़, दिल्ली, तेलंगााना, हरियाणा, पंश्चिम बंगाल, तमिलनाडू, कर्नाटक, उड़ीसा, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड की टीम।

Published on:
02 Jan 2018 12:41 pm