
शहर की जीवनदायिनी नदियों का यूं ही सरेआम गला नहीं घोटा जा रहा है। दरसअल, अफसरों की साठगांठ से कॉलोनाइजर नदी के पार 40 एकड़ एरिया में ज्वाइंट कॉलोनी विकसित करने का ब्लू प्रिंट तैयार किया है। इस लिए जिम्मेदारों ने कॉलोनाइजर को छोटी आबना का सरेआम ‘ गला घोटने ’ का कथित लाइसेंस दे दिया है। यही नहीं कथित अनुमति में फील्ड के अधिकारियों ने नियमों की अनदेखी किए जाने का भी मामला सामने आया है। मामले में जिम्मेदार मौन हैं।
किशोर कुमार समाधि स्थल के सामने छोटी आबना नदी राजस्व रिकार्ड में 154 नंबर में दर्ज है। पटवारी की गुनिया में नदी की चौढ़ाई 145-150 मीटर है। इंदौर रोड छोर में नदी के पहले कॉलोनाइजर की निजी भूमि खसरा नंबर 144/4/1/ 2 पर करीब 17 हजार स्वायर फीट भूमि है। इसमें भी कुछ हिस्से को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश एरिया में नदी का जल प्रवाह बढ़ने पर पानी भरता है। कुल मिलाकर कथित अनुमति के आधार पर कॉलोनाइजर ने 50 मीटर ही नहीं बल्कि 150 मीटर एरिया में निर्माण कर लिया है। सूचना के बाद भी जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं।
छोटी आबना में जिस जगह पर कैचमेंट एरिया में रिटेनिंग वॉल और नदी के बीचोंबीच पाइप लाइन डाली गई है। वहां दो माह पहले बारिश के दौरान कुछ पाइप बह गई थीं और कई तितर-वितर हो गईं थीं। यही नहीं कइयों में अभी भी मलबा फंसा है। निर्माण स्थल से 300 मीटर पहले नालों और नदी के आस-पास की बस्तियों में पानी घुस गया था। इस बात की पुष्टि क्षेत्रीय रहवासियों ने की है। इसकी शिकायत की गई है।
शहर की सीमा पर स्थित छोटी और बड़ी आबना नदियों में इंदौर नाका, पंधाना रोड से लेकर अन्य स्थलों पर बेखौफ अतिक्रमण कर निर्माण किया जा रहा है। दोनों नदियों के आस-पास 50 से अधिक अतिक्रमण की सूचना है। दो साल पहले तत्कालीन कलेक्टर ने टीम गठित कर कई अतिक्रमण तोड़े थे। इसके बाद भी पचास से अधिक अतिक्रमण छूट गए थे। इस बीच कलेक्टर समेत एसडीएम बदल गए थे। इसके बाद से अब तक सामूहिक रूप से अतिक्रमण की कार्रवाई नहीं की गई।
राजस्व रिकार्ड में नक्शे पर पटवारी की गुनिया के अनुसार छोटी आबाना नदी के पार में सत्यनारायण महेश्वरी के नाम से 160 नंबर के विभिन्न खातों में करीब आठ एकड़ भूमि है। इसके अलावा आस-पास एरिया में खाली भूमि पर करीब 40 एकड़ पर कॉलोनी विकसित करने की योजना तैयार की गई है। इस लिए कॉलोनाइजर ने निजी पुल निर्माण का कागजी खाका तैयार किया है। और नियमों की अनदेखी कर नदी में पक्का निर्माण शुरू कर दिया है।
नदी के बीच निजी निर्माण को लेकर प्रशासनिक अधिकारी मौन हैं। नगर तहसीलदार परवीन अंसारी ने संबंधित पटवारी से रिपोर्ट तलब की है। लेकिन जिले के आला अधिकारी इस संबंध में कुछ बोलने को तैयार नहीं हैं। एसडीएम ऋषि सिंघई से संपर्क किए जाने पर फोन नहीं उठा रहे हैं। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर का कहना है कि इस संबंध में एसडीएम कागजी कार्रवाई करेंगे। हमें आदेश का इंतजार है।