17 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

जावर उद्वहन सिंचाई… खंडवा में सीएम डॉ. मोहन से मिलने जा रहे किसानों को रोका पुलिस ने, चार घंटे चौकी में रखा

-ग्राम बडग़ांव माली के किसान कर रहे थे नहर से पानी देने की मांग -इधर भारतीय किसान संघ ने जावर में किया एक दिवसीय धरना प्रदर्शन -संयुक्त कृषक संगठन ने भी सौंपा सीएम के नाम ज्ञापन
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

खंडवा

•

image

Manish Arora

•

Updated: 17 Nov 2026, 12:18 PM IST

Khandwa Farmers Protest

खंडवा. सीएम से मिलने पर अड़े किसानों को पुलिस ने दौडकऱ दबोचा।

जावर उद्वहन सिंचाई योजना में खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से किसान परेशान है। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी योजना में हर जगह लीकेज सामने आ रहे है। किसान विरोध प्रदर्शन भी कर रहे है। सोमवार को सीएम के आगमन पर ग्राम बडग़ांव के किसानों ने सीएम से मिलने की कोशिश की तो पुलिस ने पकडकऱ चार घंटे पुलिस चौकी में बिठाए रखा। वहीं, भारतीय किसान संघ ने जावर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। साथ ही संयुक्त कृषक संगठन ने भी सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा।

सीएम के सामने खोलना चाहते थे भ्रष्टाचार की पोल

सोमवार दोपहर जावर उद्वहन सिंचाई योजना के ग्राम बडग़ांव माली के सरपंच राजेश पाटीदार के नेतृत्व में करीब 70-80 किसान मुख्यमंत्री से मिलने नहाल्दा स्थित कार्यक्रम स्थल के लिए निकले। नहाल्दा फाटे पर पावर ग्रिड के पास पुलिस ने इन्हें रोक लिया। किसानों ने सीएम से मिलने की मांग रखी। पुलिस ने कहा कि 5 लोगों को मिलने ले जाया जा सकता है। किसान चाहते थे कि करीब 15 लोग सीएम से मिलकर भ्रष्टाचार की पोल खोले। पुलिस के मना करने पर किसान अड़ गए। जिसके बाद पुलिस ने किसानों को पकडऩा शुरू किया। खेत और मैदान में भागे किसानों के पीछे पुलिस दौड़ी और करीब 24 लोगों को पुलिस वाहन से आशापुर चौकी ले गए। यहां सीएम के कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पुलिस ने सभी किसानों को वाहन से घर छुड़वा दिया।

watch video

भाकिसं का धरना, सीबीआइ जांच की मांग

जावर-उद्वहन सिंचाई योजना में अनियमितताओं के विरोध में भारतीय किसान संघ ने जावर में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। किसानों ने परियोजना में भ्रष्टाचार की सीबीआइ जांच की मांग की। किसानों ने बताया कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार हो रही यह परियोजना अभी तक पूर्ण रूप से चालू नहीं हुई है। जगह-जगह पाइपलाइन फूटने और कार्यों में लापरवाही से किसान नाराज हैं। उन्होंने परियोजना की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए। धरना प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष राधेश्याम चाचरिया, जिला मंत्री सुभाष पटेल, जिला मीडिया प्रभारी अभिषेक गंगराड़े, छैगांवमाखन, तहसील अध्यक्ष दिनेश महाजन, शैलेंद्र सिंह पवार, अखिलेश एवं कालू सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में किसान एवं भाकिसं के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जवाबदेही तय हो, जिम्मेदारों पर कार्रवाई

संयुक्त कृषक संगठन ने भी सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर जावर उद्वहन सिंचाई योजना में भ्रष्टाचार और लापरवाही की जवाबदेही तय करने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। संगठन के चंदनसिंह चंदेल, रघुवीर मंडलोई, रवींद्र पाटीदार ने बताया कि 563.72 करोड़ रुपये की लागत से बनी जावर-सिहाड़ा सिंचाई परियोजना भ्रष्टाचार की भेट चढ़ चुकी है। परियोजना में कई खामियां सामने आई हैं। कहीं पाइपलाइन जमीन से बाहर निकली हुई है, तो कहीं महज 4 से 6 इंच की गहराई में ही पाइप दबा दी गई है। कई स्थानों पर ओएमएस बॉक्स का सिस्टम टूटा पड़ा है और मुख्य सप्लाई लाइन से वितरण लाइन जुड़ी ही नहीं है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बाद भी खेत प्यासे हैं और किसान अपनी फसल बचाने के लिए पानी की गुहार लगा रहे हैं।