16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तंत्र-मंत्र के नाम पर खंडवा जिले में फैल रहा ठगी और अपराध का जाल

कहीं झाड़-फूंक के बहाने दुष्कर्म, कहीं मासूम पर तांत्रिक क्रिया, तो कहीं रुपए दोगुने करने का झांसा देकर लाखों की ठगी
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

खंडवा

•

image

Deepak sapkal

•

Updated: 16 Nov 2026, 12:46 PM IST

तांत्रिकों के जाल में फंस रहे लोग

कहीं झाड़-फूंक और बीमारी ठीक करने के बहाने महिला का शोषण, कहीं मासूम पर तांत्रिक क्रिया के नाम पर अत्याचार, तो कहीं रुपए दोगुने करने का झांसा देकर लाखों की ठगी। खंडवा जिले में अंधविश्वास की आड़ में कथित तांत्रिकों के कारनामे लगातार सामने आ रहे हैं। आदिवासी अंचलों में इस तरह के तांत्रिका का सच चौंकाने वाला है।

झाड़-फूंक के बहाने महिला से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

पिपलौद पुलिस ने रविवार को दुष्कर्म के एक मामले में आरोपी तांत्रिक करण को ग्राम खैरमल से गिरफ्तार किया है। उसे पूछताछ के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पिपलौद थाने में शनिवार को महिला ने तांत्रिक करण की शिकायत की थी। महिला के अनुसार पति के काम पर जाने के बाद वह झाड़-फूंक करवाने के लिए आरोपी के पास जाती थी। आरोपी उसे भगूत देता था। महिला का आरोप है कि इसी भगूत के बहाने उसे अपने झांसे में लेकर तांत्रिक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने घर आकर भी उसके साथ गलत काम किया था।

छह साल की मासूम को उलटा लटकाकर की तांत्रिक क्रिया

मूंदी क्षेत्र में 4 नवंबर को अंधविश्वास का एक और गंभीर मामला सामने आया। यहां छह साल की बालिका को कथित तौर पर तांत्रिक और उसकी पत्नी अपने साथ श्मशान ले गए। आरोप है कि वहां बालिका को पेड़ से बांधकर उलटा लटकाया गया और तांत्रिक क्रिया की गई। मामले में पुलिस ने तांत्रिक और उसकी पत्नी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया था।

75 लाख की ठगी, रुपए दोगुने करने का झांसा

खिरकिया के अजय सिंह ने कथित तांत्रिक बाबा के साथ मिलकर लोगों से करीब 75 लाख रुपए की ठगी की। पीड़ितों के मुताबिक, उन्हें रुपए दोगुने करने और धनवर्षा कराने का झांसा दिया गया था। अजय सिंह लोगों से इसी बहाने रकम लेकर जाता था, लेकिन न रुपए वापस मिले और न ही रकम दोगुनी हुई। हालांकि तांत्रिक का भी पता नहीं चल सका।

धनवर्षा का दावा करने वाले तांत्रिक की हत्या

16 जून 2025 को जामली फाटा तिराहे के समीप ग्राम सराय निवासी तांत्रिक रामचंद्र पटेल का शव मिला था। आरोपियों ने उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी। बताया गया कि रामचंद्र रुपए की बारिश करने का दावा करता था। उसके झांसे में आए दो युवकों ने उसे रुपए, शराब और बलि के लिए बकरा तक दिया था। रकम दोगुनी नहीं होने पर विवाद बढ़ा और आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी।