पंधाना विकासखंड के डेहरिया गांव में जनजाति समाज, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल की तस्वीर बदल दी। कभी स्वच्छता, पेयजल और कम उपस्थिति जैसी समस्याओं से जूझ रहे माध्यमिक स्कूल में जनजातीय विकास मंच की टोली और ग्रामीणों ने विकास की नई इबारत लिख दी। जनजातीय विकास मंच, स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर चंदा एकत्र कर पौधरोपण कराया और व्यवस्थाएं सुधारीं। आज स्कूल क्षेत्र के स्वच्छ और सुंदर स्कूलों में गिना जाता है। बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। अब जिले के शिक्षा अधिकारी भी स्कूल का निरीक्षण कर जनजातीय विकास मंच, स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।