खंडवा

4 अगस्त गौरव दिवस… मुंबई के गायक विनोद राठौर को मिलेगा खंडवा गौरव सम्मान, राठौर देंगे गीतों की प्रस्तुति

तीन दिवसीय आयोजन में मैराथन, बैंड, फूड जोन के साथ होगी गीतों की प्रस्तुति -4 अगस्त मुख्य दिवस पर सुबह देंगे किशोर दा को स्वराजंलि, शाम को किशोर नाइट -आयोजन की रूपरेखा को लेकर कलेक्टर ने ली सामाजिक संस्थाओं की बैठक
2 min read
Jul 10, 2026
Kishore Kumar
खंडवा. बैठक में कार्यक्रम के लिए सदस्यों से चर्चा करते कलेक्टर।

हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार का जन्मदिन 4 अगस्त को खंडवा गौरव दिवस के रूप में मनाया जाएगा। तीन दिनी आयोजन में कई कार्यक्रम होंगे। मुख्य दिवस चार अगस्त को किशोर समाधि पर स्वराजंलि, शाम को किशोर नाइट का आयोजन किया जाएगा, जिसमें गायक विनोद राठौर को खंडवा गौरव सम्मान दिया जाएगा। विनोद राठौर अपनी प्रस्तुति भी देंगे। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बैठक ली।

3 को होगा वाइस ऑफ खंडवा का फाइनल

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि इस वर्ष 3 दिवसीय खंडवा गौरव दिवस का आयोजन 2, 3 व 4 अगस्त को होगा। दो अगस्त को प्रात: चेम्बर ऑफ कॉमर्स व सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से मैराथन दौड़ का आयोजन निगम कार्यालय से केवलराम चौराहे तक होगा। रात में गायन प्रतियोगिता का फाइनल किशोर कुमार सभागृह में होगा। स्कूली व कालेज के छात्रों की विभिन्न प्रस्तुति निगम के सामने मंच पर 3 अगस्त सुबह होगी तथा 3 अगस्त की शाम को ही निगम व घंटाघर के पास फूड झोन, बैंड की प्रस्तुति होगी तथा मंच पर किशोर कुमार के गीतों की प्रस्तुति होगी।

समाधि पर लगेगा दूध जलेबी का भोग

किशोर दा के जन्मदिवस पर 4 अगस्त को सुबह 9 बजे से किशोर दा की समाधि पर दूध जलेबी का भोग लगाकर सुरमई श्रद्धांजलि का आयोजन होगा। वहीं शाम 7:30 बजे से किशोर नाइट में गायक पी. गणेश व प्रीति जोशी द्वारा गानों की प्रस्तुति दी जाएगी। इस वर्ष मुम्बई के जाने माने पाŸवगायक विनोद राठौर को गायन के क्षेत्र में 1 लाख रुपये व ताम्रपत्र के साथ किशोर सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

तीन श्रेणियों में वाइस ऑफ खंडवा का आयोजन

बैठक में किशोर प्रेरणा मंच अध्यक्ष रणबीर चावला ने बताया कि मंच द्वारा वाइस ऑफ खंडवा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष गायन प्रतियोगिता तीन ग्रुप में करने का निर्णय लिया गया है। इस वर्ष प्रतियोगिता पुरस्कार की राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। सीनियर ग्रुप में प्रथम 31000, द्वितीय 21000 व तृतीय 11000 रुपए का रखा गया। जूनियर ग्रुप में प्रथम 15000, द्वितीय 8000 और तृतीय 5000 रुपए रहेगा। सब जूनियर ग्रुप में प्रथम पुरस्कार 11000, द्वितीय 8000 एवं तृतीय 5000 रुपए रखा गया है। बैठक में महापौर अमृता अपर यादव, पुलिस अधीक्षक अगम जैन, सीईओ जिला पंचायत डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, किशोर प्रेरणा मंच के सदस्य मौजूद थे। सचिव नारायण बाहेती ने आभार माना।

Updated on:
10 Jul 2026 12:17 pm
Published on:
10 Jul 2026 12:17 pm