
हर बच्चे में एक नेता, एक विचारक और एक बदलाव लाने की क्षमता छिपी है। बस उसे अवसर और विश्वास की जरूरत है। बाल दिवस पर स्कूल में कुछ ऐसा ही अलग नजारा दिखा। रोज जहां छात्राएं प्राचार्य के निर्देश सुनती थीं, वहीं शुक्रवार को छात्रा संघ अध्यक्ष खुद प्राचार्य की भूमिका में नजर आईं। उन्होंने न केवल छात्राओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाया, बल्कि शिक्षकों को भी जरूरी निर्देश दिए। यह पहल बच्चों में नेतृत्व का आत्मविश्वास जगाने वाली बनी। \B
बाल दिवस पर पीएम-श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजकुंड में पढ़ाई के साथ नेतृत्व का अनूठा प्रयोग हुआ। अन्य दिनों की तुलना में शुक्रवार को विद्यालय का नजारा बदला हुआ था। छात्राएं प्राचार्य के निर्देश सुनने की जगह अपनी साथी छात्रा से निर्देश ले रही थीं। छात्रा संघ अध्यक्ष कु. सुरभि पटेल प्राचार्य की भूमिका में नजर आईं।
यह अनूठी पहल पत्रिका के आह्वान पर बच्चों में लीडरशिप विकसित करने के उद्देश्य से की गई। इसका मकसद छात्राओं को जिम्मेदारी का अहसास कराना और निर्णय लेने का आत्मविश्वास देना था। सुरभि ने प्रार्थना सभा में छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने बतौर प्राचार्य की भूमिका में कहा कि विद्यालय को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है।
टॉयलेट साफ रखें। कक्षाओं में गंदगी न करें। नियमित रूप से समय पर स्कूल आएं और अनुशासन का पालन करें। इसके बाद उन्होंने शिक्षकों के साथ बैठक की। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर चर्चा की। शिक्षकों को निर्देश दिए कि मैपिंग, प्रोफाइल, छात्रवृत्ति, अपार आईडी और आधार कार्ड से जुड़े कार्य शत-प्रतिशत पूरे किए जाएं।
एक दिन के लिए प्राचार्य की भूमिका निभा रही छात्रा सुरभि ने छात्राओं को स्कूल में मोबाइल नहीं लाने की हिदायत भी दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के समय मोबाइल से दूरी जरूरी है। विद्यालय का समय सीखने और खुद को बेहतर बनाने के लिए है।
छात्रों के लिए एक दिन की प्राचार्य बनने भूमिका केवल औपचारिकता नहीं रही। इससे उन्हे समझने का मौका मिला कि प्राचार्य की जिम्मेदारी कितनी बड़ी \B होती है। विद्यालय की व्यवस्था, अनुशासन और शैक्षणिक कार्यों के संचालन में कितनी सजगता जरूरी है। संदेश साफ है। नेतृत्व का अवसर मिले तो बच्चे भी जिम्मेदारी निभाने में पीछे नहीं रहते। जरूरत है उन्हें भरोसा देने और आगे बढ़ने का मौका देने की। पत्रिका से चर्चा में छात्रा सुरक्षि ने पत्रिका संस्थान और स्कूल प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शौचालयों की स्वच्छता बनाए रखें।
कक्षाओं में गंदगी न फैलाएं।
प्रतिदिन समय पर विद्यालय आएं।
अनुशासन का पालन करें।
स्कूल में मोबाइल लेकर न आएं।
पढ़ाई के प्रति गंभीर और जिम्मेदार रहें।
बच्चे केवल कल का भविष्य नहीं, आज की ताकत भी हैं।
बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने का प्रयास करें।
सवाल पूछें, जिज्ञासु बनें और सीखते रहें।
अपनी जिम्मेदारियां खुद निभाएं।
नेतृत्व करें, लेकिन दूसरों को साथ लेकर चलें।
असफलता से घबराएं नहीं, उससे सीखें।
शिक्षा के साथ संस्कार और संवेदनशीलता भी अपनाएं।