
खंडवा. कांग्रेस समन्वय समिति अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजयसिंह ने खुले मंच से माना कि हम नेता ही समन्वय नहीं चाहते। पूरे प्रदेश में कांग्रेस अलग-अलग गुटों में बंटी हैं, जिसके कारण हम 15 साल से सत्ता से बाहर है। उन्होंने कहा कि बहुत वक्त हो गया, अब एकजुट होकर साथ मिलकर फिर से सत्ता में वापस आना होगा। उन्होंने मंच पर ही सभी उम्मीदवारों, कार्यकर्ताओं का मन टटोलने के लिए अपने कान में बात कहने को कहा। साफ जाहिर था कि किसी के सामने किसी की बुराई होने पर नेता एकजुटता दिखाने की बजाए लड़ न पड़े।
जिले में 20 घंटे के प्रवास में दिग्विजयसिंह और समन्वय समिति के सदस्यों ने घर-घर जाकर कांग्रेस नेताओं से चर्चा की और सबको एक मंच पर आने के लिए कहा। एकता यात्रा मंगलवार रात १० बजे खंडवा पहुंची थी। रात 12 बजे तक समन्वय समिति कई नेताओं के घर पहुंचे। बुधवार को पहले तो दिग्विजयसिंह और समन्वय समिति ने सर्किट हाउस में तीन घंटे तक बंद कमरे में अलग-अलग नेताओं और मंडलों चर्चा की। पुरानी अनाज मंडी में समिति के साथ कार्यकर्ताओं की बैठक लेने के पूर्व और बाद में वे अन्य कार्यक्रमों में शामिल हुए। साथ ही कई नेताओं के घर पहुंचकर उन्हें मनाने का प्रयास किया।
बैठना था धरने पर, पांच मिनट का भाषण दिया और चले गए
नए बस स्टैंड के विरोध में पुराने बस स्टैंड पर जारी चालक-परिचालक संघ के धरने में बुधवार को कांग्रेस के नेताओं को बैठना था, लेकिन दिग्विजय सिंह ने मात्र पांच मिनट वहां खड़े होकर लोगों को संबोधित किया और चले गए। उन्होंने कहा कि नया बस स्टैंड बनाकर पुराने बस स्टैंड को हथियाने की साजिश भाजपा नेताओं द्वारा की जा रही है। पुराने बस स्टैंड की जमीन को खाली कराकर यहां कॉम्प्लेक्स बनाकर भाजपा नेताओं को लाभ पहुंचाया जाए। भाजपा की इस तानाशाही के खिलाफ कांग्रेस लड़ेगी। इस बार खंडवा की सीट जीता दो फिर हम सब देख लेंगे। संक्षिप्त भाषण के बाद पूर्व मुख्यमंत्री यहां से रवाना हो गए। धरना प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इकबाल कुरैशी, पूर्व अध्यक्ष लव जोशी, संयोजक राजकुमार कैथवास, सहसंयोजक सै. असलम उपस्थित थे। नए बस स्टैंड पर सुचारू रूप से बसों के संचालन को लेकर पदमकुंड वार्ड पार्षद शारदा आव्हाड़ और क्षेत्रवासी धरने पर बैठे हुए हैं। गुरुवार को पार्षद कलेक्टर से मिलने जाएंगी। बस स्टैंड पर बाकी बची व्यवस्थाओं के लिए चर्चा की जाएगी। जिसके बाद धरना खत्म करने का निर्णय लिया जाएगा।