
संविधान दिवस पर बुधवार को सरकारी गैर सरकारी संस्थानों और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों और कर्तव्यों को लेकर विविध आयोजन हुए। संविधान दिवस पर एसएन कॉलेज में युवा संसद कार्यक्रम हुआ। इस दौरान सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच बहस हुई और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, मंत्री, सांसद और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई। इस दौरान प्राध्यापक, छात्र समेत अन्य ने संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली।
विद्यार्थियों ने प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कर संविधान के प्रति निष्ठा का संकल्प लिया। एसएन कॉलेज में युवा संसद में संसदीय कार्यप्रणाली, सत्ता पक्ष-विपक्ष की बहस और विधेयक पारित करने की प्रक्रिया का जीवंत प्रदर्शन किया गया। वहीं विधि महाविद्यालय में भाषण, कविता और संवैधानिक मूल्यों पर विचार-विमर्श हुआ। इस दौरान सत्ता पक्ष-विपक्ष के बीच बहस हुई और मतदान से शिक्षा-रोजगार विधेयक पारित कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री, मंत्री, सांसद और नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई।
युवा संसद कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुई। युवा संसद में विद्यार्थियों ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री, नेता प्रतिपक्ष और सांसदों की भूमिका निभाई। सत्ता पक्ष की ओर से उच्च शिक्षा मंत्री बनी छात्रा दीपांशी विश्वकर्मा ने युवा शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार अवसर विधेयक-2026 प्रस्तुत किया। इस पर पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने तार्किक सवाल, जवाब और तर्क रखे। बहस के बाद मतदान प्रक्रिया के जरिए विधेयक पारित करने का प्रदर्शन किया गया।
मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश भोज विश्वविद्यालय भोपाल के कुलगुरु डॉ. मिलिन्द दत्तात्रेय दांडेकर ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, तार्किक क्षमता और संसदीय मर्यादा की सराहना की। छात्राओं की नेतृत्व क्षमता को रेखांकित करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में नारी शक्ति देश का नेतृत्व करेगी।
पोस्टर, प्रश्नमंच और निबंध प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने संविधान, अधिकार, कर्तव्य और सामाजिक न्याय पर अपनी प्रतिभा दिखाई। संभाग स्तरीय योग महिला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त महाविद्यालय की टीम को ट्रॉफी प्रदान की गई। प्राचार्य डॉ. सोमपाल सिंह ने कहा कि संविधान अधिकारों के साथ नागरिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों का मार्गदर्शक भी है।
मोतीलाल नेहरू विधि महाविद्यालय में रेडक्रॉस कमेटी ने संविधान दिवस मनाया। अध्यक्षता दी लॉ एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने की। विद्यार्थियों ने भाषण और देशभक्ति व संविधान आधारित कविताएं प्रस्तुत कीं। प्रभारी प्राचार्य हरमिंदर सिंह चोपड़ा ने मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी। अध्यक्ष महेश गुप्ता ने राष्ट्र की एकता और अखंडता पर जोर देते हुए विद्यार्थियों से देश और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उपस्थितजनों को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई गई।