
शहर की जीवनदायिनी छोटी आबना नदी के बफर जोन में रिटेनिंग वॉल और पाइप लाइन डालने का मामला तूल पकडऩे लगा है। ग्रीन एरिया में निर्माण और प्रवाह संकुचित करने की शिकायत अब लोकायुक्त और एनजीटी तक पहुंचने की तैयारी है। जिला प्रशासन की जांच में भी मौके पर अनुमति के विपरीत निर्माण की पुष्टि हुई है। इसके बावजूद कार्रवाई के नाम पर जांच तक मामला सीमित है।
नदी प्रेमियों का आरोप है कि अनुमति पुल के स्पॉन खड़े करने के लिए दी गई थी, लेकिन मौके पर रिटेनिंग वॉल और पाइप लाइन डाल दी गई है। इस अनुमति में जल संसाधन विभाग से तकनीकी अभिमत नहीं लिए जाने का मामला सामने आया है। सिर्फ पीडब्ल्यूडी एसडीओ की एनओसी के आधार पर अनुमति जारी कर दी गई है। हालांकि कलेक्टर ऋषव गुप्ता का कहना है कि अनुमति नियम के तहत जारी की गई है। जांच रिपोर्ट का गहन परीक्षण करने के बाद आगे की जवाबदेही तय की जाएगी।
निर्माण अनुमति में स्पष्ट शर्तें रखी गई थीं। कलेक्टर की लिखित पूर्व मंजूरी के बिना जमीन का उपयोग दूसरे प्रयोजन के लिए नहीं किया जा सकता। निर्माण का स्ट्रक्चरल डिजाइन पंजीकृत इंजीनियर से तैयार कर संबंधित विभाग से अनुमोदित कराना भी जरूरी था। जल प्रवाह बाधित नहीं होना चाहिए। शर्तों के उल्लंघन पर अनुमति स्वत: निरस्त होने का प्रावधान भी है। जांच टीम ने मौके पर वर्तमान समय निर्माण से जल प्रवाह बाधित होने की पुष्टि की गई है। बारिश के दौरान नदी के बीच दो स्थानों पर चार पाइप पानी में बह गए। इसके बावजूद अनुमति निरस्त करने या निर्माण पर रोक लगाने की कार्रवाई सामने नहीं आई। नदी प्रेमियों का सवाल है कि जब जांच में उल्लंघन सामने आ चुका है, तो जिम्मेदार कार्रवाई से पीछे क्यों हट रहे हैं ? ।
राजस्व रिकॉर्ड में नदी की चौड़ाई 150 मीटर है। नदी प्रेमियों का कहना है कि शहर से सटे क्षेत्र में नदी के आस-पास भूमि विकास नियमों के बिंदु 50 (ख) के तहत 15 मीटर छोडने का प्रावधान है। ऐसे में नदी के बफर जोन में पक्के निर्माण और पाइप लाइन डालने की अनुमति की वैधानिकता पर सवाल उठ रहे हैं। उनका कहना है कि नदी के मुख्य प्रवाह, बाढ़ क्षेत्र और प्राकृतिक जल निकासी का आकलन किए बिना निर्माण की अनुमति कैसे दी गई ?
छोटी आबना नदी के बफर जोन में निर्माण को लेकर नदी प्रेमी लोकायुक्त और राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में शिकायत करेंगे। साथ ही निजी व्यक्तियों को जारी की गई अनुमति के विरूद्ध अधिकारियों को भी घेरेंगे। उनका कहना है कि नदी के ग्रीन एरिया में पक्का निर्माण प्राकृतिक प्रवाह और पर्यावरण के लिए खतरा है। अनुमति देने से पहले संबंधित विभागों की तकनीकी राय और नदी क्षेत्र का सीमांकन भी जांच के दायरे में होना चाहिए।
अनुमति के अनुरूप निर्माण नहीं होने पर नियमों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। इसके अलावा अन्य जगहों पर नदी और नालों में यदि निर्माण किया जा रहा है तो इसकी भी जांच कराएंगे।