खंडवा

यहां गुरुपूर्णिमा पर घर-घर जलेंगे दीपक

दीपावली की तरह हर घर दीप जलाकर मंगल गीत गाने की मनुहार

2 min read
Jul 05, 2018
dadaji dham khandwa
dadaji dham khandwa

खंडवा. दादाजी धाम में गुरुपूर्णिमा की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। यहां सेवादार जुट गए हैं। उत्सव के लिए धाम में 40 हजार चादर प्रसादी भी पैक की जा रही हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर संदेश चलाकर उत्सव में हर घर दीप जलाकर मंगल गीत गाए जाने की मनुहार भी की जा रही है। दादाजी धाम में 26 से 28 जुलाई तक तीन दिनी गुरुपूर्णिमा उत्सव मनाया जाएगा।
27 जुलाई को मुख्य दिवस रहेगा। इस दौरान यहां 5 लाख श्रद्धालु आएंगे। करीब 40 हजार भक्तों को चादर प्रसादी दी जाएगी। दादाजी धाम में भंडार गृह में मरम्मत का काम चल रहा है तो वहीं नई दर्शन व्यवस्था के लिए 100 नई रेलिंग भी तैयार की गई है।


इस तरह की मनुहार
गुरुपूर्णिमा महोत्सव मनेगा तो दादाजी दरबार में लेकिन पूरे शहर में हर्षोल्लास रहेगा। सेवा का अनुपम नजारा देखने को मिलेगा। इस बीच दर्शनार्थी के सुझाव के नाम से सोशल मीडिया पर एक संदेश श्री दादाजी सेवाधारी ग्रुप के नाम से साझा हो रहा है। जिसमें भाव है कि दादाजी की नगरी में गुरुपूर्णिमा पर समूचे शहर में जहाँ सेवा की भावना होती है वहीं दीपावली सा पर्व भी मनाया जाना चाहिए। प्रत्येक घर पर रोशनी होना चाहिए, दीपक जलने चाहिए। केवल इसी भाव के साथ कि 'अरी सखी मंगल गाओ जी, धरती अम्बर सजाओ जी, उतरेगी आज मोरे दादाजी की सवारी। चौक पुरावो, माटी रंगाओ आज मोरे दादाजी दर आये हैं, आज मोरे दादाजी दर आये हैं... । 26 जुलाई से प्रारंभ होने वाले गुरुपूर्णिमा महोत्सव पर अपने घरों पर रोशनी करें, दीप जलाएं और परमात्मा के इस पर्व को सानंद मनाएं।

टीन शेड बन रहा, भंडार में सीमेंटीकरण
गुरुपूर्णिमा महोत्सव के बाद मंदिर विस्तारीकरण का काम होगा। पहले चरण में धूनीमाई के पास काम किया जाएगा। इसलिए अस्थायी गंगाजल भंडारगृह का निर्माण किया जा रहा है। यह बड़ी धूनीमाई के पास में बन रहा है। जमीन तैयार होने के बाद सोमवार से दीवार खड़ी करने का काम चल रहा है। 6 फीट तक दीवार खड़ी करने के बाद टीन शेड बनाया जाएगा। वहीं भंडार में भी निर्माण कार्य चल रहा है। यहां पर फर्शी हटाकर सीमेंटीकरण किया गया है।

Updated on:
05 Jul 2018 01:57 am
Published on:
05 Jul 2018 06:00 am