
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना बुजुर्गों के बुढ़ापे की लाठी इंदिरा गांधी वृद्धा, विधवा, निशक्तों की पेंशन योजना का अपडेशन तीन माह बाद भी नहीं हो सका। इससे मार्च, अप्रेल और मई माह की पेंशन खाते में नहीं पहुंची। पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
सामाजिक न्याय विभाग में 60 हजार पेंशनधारकों को तीन ( मार्च, अप्रेल, मई ) माह की पेंशन नहीं मिली है। इसमें वृद्धा, विधवा और नि:शक्तजन शामिल हैं। कुल मिलाकर केंद्र से मिलने वाली पेंशन लाभार्थियों के खाते में जारी नहीं हो रही है। इसकी वजह केंद्रीय सामाजिक न्याय विभाग में पोर्टल अपडेशन की प्रक्रिया बताई जा रही है। डाटा शिफ्ट होने के कारण पेंशन जारी नहीं हो सकी है। विभाग का दावा है कि शेष राज्य स्तर पर 40 हजार से अधिक पेंशन धारियों को राज्य शासन से जारी हो रही है।
विभिन्न पेंशन योजनाओं के एक लाख पेंशनधारी हैं। जिले में विभिन्न योजनाओं के तहत एक लाख जरूरतमंदों को केंद्र व राज्य शासन से पेंशन जारी होती है। इसमें इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्त योजना के तहत 2963, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन में 40918 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन के तहत 18621 लाभार्थियों को लाभ मिल रहा है। कुल मिलाकर 62 हजार 502 पेंशनधारकों को बीते तीन माह की पेंशन जारी नहीं हुई है। कार्यालय पहुंचने वाले पेंशनधारकों को सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी व कर्मचारी आश्वासन दे रहे हैं कि पोर्टल अपडेशन के बाद तीनों माह की पेंशन एक साथ जारी होगी।
सामाजिक न्याय विभाग के कर्मचारी वृद्धा, विधवा और निशक्त पेंशनधारकों को आश्वासन दे रहे हैं कि केंद्र से मिलने वाली पेंशन का पोर्टल अपडेट हो रहा है। एसएनए ( सिंगल नोडल एकाउंट ) पोर्टल को आइएफएमएस ( एकीकृत वित्तीय प्रबंधन प्रणाली ) में अपडेट किया जा रहा है। अपडेशन की प्रकिया अभी पूरी होने के बाद डाटा शिफ्ट होगा। इसके बाद पेंशन जारी होगी।
केंद्र से तीन प्रकार की पेंशन मिलती है। इसमें 60 हजार पेंशन धारक है। प्रत्येक पेंशन धारक को 600 रुपए प्रति माह मिलती है। तीन माह की प्रत्येक पेंशन धारक की पेंशन 1800 रुपए होती है। इस हिसाब से 60 हजार पेंशन धारकों की पेंशन 10 करोड़ 80 लाख रुपए होती है।
धन्नालाल, बुजुर्ग : तीन माह से खाते में पेंशन नहीं आई है। इससे दिक्कत हो रही है। सामाजिक न्याय विभाग के अधिकारी बोले रहे हैं तीनों माह की पेंशन एक साथ मिलेगी।
नीला बाई : पेंशन नहीं मिलने से जरूरत की सामग्री नहीं खरीद सके हैं। दुकान पर खाने की सामग्री उधार में ले रही हूं। पेंशन आने के बाद चुकता करूंगी।
सूरजबाई : वृद्धा पेंशन तीन माह से बंद है। बैंक में पूछने पर कुछ नहीं बता रहे हैं। हर माह 600 रुपए पेंशन मिलती है। तीन माह की 1800 रुपए मिलती है।
पेंशन पेंशनर्स
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय नि:शक्त 2963
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धा पेंशन 40918
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन 18621
मुख्यमंत्री सुरक्षा कल्याणकारी पेंशन 23661
मंदबुद्धि-बहुविकलांग आर्थिक सहायता 1399
कन्या अभिभावक पेंशन योजना 1056
दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता 1631
सामाजिक सुरक्षा नि: शक्त पेंशन 6604
सामाजिक सुरक्षा वृद्धा पेंशन 5858
सामाजिक सुरक्षा परित्यक्ता पेंशन 638
मुख्यमंत्री अविवाहिता पेंशन योजना 106
वृद्धाश्रम में अंत : वासियों को पेंशन 04
कुल 1,03,459
आंकड़े सामाजिक न्याय विभाग से लिए गए हैं। अपडेट में संख्या घटती बढ़ती रहती है।