
खंडवा. बैठक में अधिकारियों को निर्देशित करते सांसद। देखे वीडियो
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति "दिशा" की बैठक में सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों पर जमकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद में प्याज शामिल, फिर भी किसानों को लाभ नहीं मिल रहा है। प्याज प्रसंस्करण की इकाई भी स्थापित तक नहीं कर पाए है। उन्होंने उप संचालक उद्यानिकी को इसके लिए फटकार भी लगाई।
गुरुवार को दिशा की दूसरी बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा में फिसड्डी पाने पर सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल नाराज भी हुए। उन्होंने कलेक्टर ऋषव गुप्ता से डीओ लेटर बनाने और जिले में प्याज उत्पाद का लक्ष्य और प्याज भंडारण गोदाम बढ़ाने के लिए उद्यानिकी को निर्देशित करने को कहा। उन्होंने किसान हितैषी योजनाओं का व्यापक प्रचार कर अधिक किसानों को लाभान्वित करने को कहा। पाटिल ने किसानों को विभाग के पोर्टल व ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया से अवगत कराने पर जोर दिया।
सांसद पाटिल ने उद्यानिकी अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों व यंत्रों से जागरूक करने को कहा। साथ ही सरकारी योजनाओं के लाभान्वित हितग्राहियों को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में मदद वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मांधाता विधायक नारायण पटेल ने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण से माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के किसानों से राजस्व वसूली के लिए ग्रामीण शिविर लगाने का आग्रह किया।
बैठक में विविकं की समीक्षा भी की गई। सांसद ने बताया कि केंद्र सरकार से 512 ट्रांसफार्मर मिले है, जिसमें से 488 लगाए जा चुके हैं। सांसद ने खरीफ में बोवनी को लेकर बीज की क्वालिटी पर नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसा न हो कि घटिया बीज बिक जाए और किसान के खेत में फलन ही न हो। बैठक में वन विभाग व सामाजिक वानिकी की भी समीक्षा की गई।
बैठक में पंधाना विधायक छाया मोरे, मांधाता विधायक नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष पिंकी सुदेश वानखेड़े, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा, अपर कलेक्टर सृष्टि देशमुख गौड़ा, एएसपी महेन्द्र तारणेकर और भाजपा जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
Updated on:
12 Jun 2026 01:12 pm
Published on:
12 Jun 2026 01:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
