
दिनभर ठेलों का कब्जा, शाम को कारों की पार्किंग
रविवार को घंटाघर और बॉम्बे बाजार के बीच दिनभर ठेलों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सड़क पर ठेले लगने से आवागमन के लिए जगह कम बची, जिससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को निकलने में दिक्कत हुई। शाम होते ही बाजार में खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ बढ़ी तो समस्या और गंभीर हो गई। बॉम्बे बाजार में लोग सड़क पर ही कार खड़ी कर खरीदारी करने पहुंच गए। इससे सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हुई और बार-बार जाम के हालात बनते रहे। हैरानी की बात यह रही कि जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के बीच यातायात संभालने के लिए मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी नजर नहीं आए। इसके चलते आम लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
त्योहार पर बढ़ेगी भीड़, व्यवस्था सुधारने की चुनौती
दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारों की संख्या बढ़ने के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ने की संभावना है। ऐसे में समय रहते पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करना, सड़क पर लगने वाले ठेलों को व्यवस्थित करना और प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती जरूरी है। यदि समय रहते इंतजाम नहीं किए गए तो त्योहार के दौरान जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
एएनपीआर कैमरों से नियम तोड़ने वालों पर नजर
यातायात डीएसपी अनिल कुमार राय ने बताया कि सड़क पर वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। घंटाघर, केवलराम चौराहा और नगर निगम क्षेत्र तक ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाने का प्रयास किया जा रहा है। इन कैमरों की मदद से नियम तोड़ने वाले वाहनों की नंबर प्लेट स्कैन कर उनके विवरण के आधार पर ऑनलाइन चालान भेजे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि सड़क पर ठेले लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए नगर निगम का सहयोग भी लिया जाएगा। दीपावली पर यातायात व्यवस्था संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है।