
शहर में कुत्तों के आतंक से बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं दहशत के साए में जी रहे हैं। इंजेक्शन के बाद भी डर नहीं जा रहा है। भौंकने की आवाज, हमले का दृश्य याद आते ही घायल सहम जाते हैं। आठ माह में कुत्ते 2967 लोगों को नोंच चुके हैं । घायल लोग कुत्तों के भौंकने की आवाज से भी सहम जाते हैं। कुत्तों का आतंक शहर से गांव तक है।
जिले में जनवरी से अगस्त में अब तक 2 हजार 951 को लगे इंजेक्शन लगाया गया है। इसमें बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं डॉग बाइट का शिकार हुए हैं। शहर में कुत्तों के बधियाकरण और एक युवक के द्वारा जनसुनवाई में कुत्ते का मुखौटा लगाकर भौंकने का मामला गरमा गया है। इस बीच कुत्ते भी और खूंखार हो गए हैं। 20 अगस्त को 16 लोगों को खूंखार कुत्तों ने निशाना बनाया। शहर में सिनेमा चौक पर वसीम को कुत्ते ने दाएं पैर में नोंच खाया। जबकि ग्रामीण क्षेत्र में बरूढ़ बाजार में कुत्ते ने दौड़ा-दौड़ाकर 7 लोगों को काट लिया।
आनंद नगर में अजय अपने दोस्त के घर गए थे। दरवाजे के बाहर खड़े थे। तभी कुत्ता भौंकने लगा। अजय ने बीच-बचाव किया तो कुत्ते ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए। हाथों पर दांतों के निशान बन गए। गुरुवार को वे फिर इंजेक्शन लगवाने जिला अस्पताल पहुंचे। घटना याद आते ही उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं। अजय ने कहा कि कुत्ते ने जिंदगी में डर के साथ काम भी बढ़ा दिया है। उनका कहना है कि सभी कुत्तों का टीकाकरण होना चाहिए। खूंखार कुत्तों की पहचान कर उन्हें आश्रय स्थल में रखा जाए।
शेख वसीम सुबह करीब 10.30 बजे सिनेमा चौक पहुंचे थे। वे वहां खड़े ही हुए थे कि पीछे से आए कुत्ते ने दाएं पैर में जांघ के पास काट लिया। अचानक हुए हमले से वसीम चीखने लगे। आसपास के लोग दौड़े तो कुत्ता भाग गया। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इंजेक्शन लगने के बाद भी वसीम डरे हुए हैं। उनका कहना है कि ऐसे कुत्तों को तुरंत पकड़ा जाना चाहिए। कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे हादसे रोज हो सकते हैं।
बरुड़ निवासी पन्नालाल पटेल सुबह करीब 8 बजे बाजार के स्थित मंदिर जा रहे थे। मंदिर से कुछ दूर पहले सामने से आए कुत्ते ने बाएं पैर में काट लिया। विरोध करने पर कुत्ता दोबारा हमला करने दौड़ा। पन्नालाल चीखते हुए गिर गए। आसपास के लोगों ने पहुंचकर उन्हें बचाया। पन्नालाल के अनुसार कुत्ते ने बाजार में कई लोगों को दौड़ाया और काटा है। जिला अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने के बाद वे करीब एक घंटे तक भर्ती रहे। देर शाम तक उनके मन में डर बना रहा।
बरुड़ निवासी नौ साल का जीशान कक्षा चौथी में पढ़ता है। सुबह करीब 8 बजे वह ट्यूशन जा रहा था। घर से कुछ दूर पहुंचते ही कुत्ते ने उसके बाएं पैर के पिछले हिस्से में काट लिया। जीशान के चीखने पर आसपास के लोग पहुंचे और उसे बचाया। पिता उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां करीब दो घंटे तक भर्ती रखा गया। जीशान को रेबीज से बचाव के इंजेक्शन लगाए गए हैं। अगला इंजेक्शन 24 अगस्त को लगाया जाएगा। घटना के बाद से बच्चा अभी भी भयभीत है।
जनवरी- 440
फरवरी- 362
मार्च- 371
अप्रेल- 385
मई- 360
जून- 415
जुलाई- 398
अगस्त 220 अब तक
वर्ष बधियाकरण
2022 1,686,
2023 440
2024 3,651
2025 2,387
2026 में अब तक 1,623
निगम की ओर से जारी आंकड़े
-- ---------------------------------
नेता प्रतिपक्ष दीपक राठौर ने निगम पर बधियाकरण में 40 लाख रुपए के फर्जीवाडा़ का आरोप लगाया है। दरअसल निगम ने वर्ष 2022-23 में 15 लाख, 2023-24 में 18 लाख और 2024-25 में 18 लाख रुपए के टेंडर किए। तीन वर्षों में कुल 51 लाख रुपए के टेंडर हुए। इसमें निगम की टीम पर हुआ खर्च भी शामिल है। इसी को लेकर राठौर आरोप लगा रहे कि भ्रष्टाचार हुआ। निगम ने चालू वर्ष में 21 लाख रुपए का टेंडर कॉल किया है।
टिटगांव में बछड़े की मौत, दूध पीने पर 8 पहुंचे अस्पताल
टिटगांव निवासी मंगल की गाय के बछड़े को एक दिन पहले कुत्ते ने काट लिया। दूसरे दिन गुरुवार को बछड़े की मौत हो गई। परिसर में इसकी सूचना से अफरा-तफरी मच गई। गाय का दूध पीने वाले सभी आठ लोग इंजेक्शन लगवाने जिला अस्पताल पहुंच गए। मंगल के अनुसार उनके घर में आठ लोगों ने गाय के दूध का सेवन किया था। जिसमें रानू, रीना, अंजना, कृष्णा, अन्नपूर्णा, मोनिका और पिता कालू ने इंजेक्शन लगवाए।
गुरुवार की सुबह आठ बजे बरुढ़ बाजार में सुबह आठ बजे कुत्ते की हरकत से अफरा-तफरी मच गई। एक घंटे के भीतर सात से अधिक लोगों को शिकार बनाया। सुबह कोई \Bमंदिर तो कोई दुकान खोलने की तैयारी कर रहा था। कुछ बच्चे कोचिंग जा रहे थे। कुत्ते ने हमला कर दिया। इससे बरुढ़ निवासी पन्नालाल पटेल, सुरेश, हरख चंद्र पटेल का बेटा, विक्रम, जीशान समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी अस्पताल में इंजेक्शन लगवाने पहुंचे। इसमें से तीन को मेल वार्ड में भर्ती किया गया था। दो घंटे के बाद घर भेज दिया गया। इनका कहना
शहर में कुत्तों के बधियाकरण लगातार कर रहे है। अभी जो टेंडर जारी किया था उसमें दस्तावेज अपात्र मिलने पर निरस्त किया है। 20 अगस्त को टेंडर दोबारा काल किया गया है।