
खंडवा. शादी समारोह के दौरान एक युवक की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में कुछ अहम तथ्य पुलिस के सामने आए हैं। जिसके बाद माना जा रहा है कि शराब के नशे में युवक ने खुद को चाकू मारकर जख्मी कर लिया था। जिसके बाद इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि पुलिस अभी जांच में जुटी है ताकि तथ्यों की पुष्टि पूरी तरह हो सके।
यह है मामला
थाना मूंदी की बीड़ चौकी अंतर्गत ग्राम शिवरिया में जगदीश पिता सरवन के घर बुधवार को शादी समारोह का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान जगदीश के भाई पदम नायक के पुत्र जीवन (22) की तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजनों ने गांव के ही झोलाछाप डॉक्टरों से इलाज कराया, लेकिन गुरुवार दोपहर 12 बजे जीवन की मौत हो गई।
बयानों में सामने आई हकीकत
थाना प्रभारी मूंदी ब्रज भूषण हिरवे ने बताया कि घटना की सूचना के बाद शव का पोस्टमार्टम कराते हुए जांच कार्रवाई शुरू की गई थी। मृतक के परिजन, शादी वाले घर में आए लोग और ग्रामीणों से अलग अलग पूछताछ की गई। जिसमें करीब 10 लोगों के बयान में यही बात सामने आई कि जीवन ने शराब पी रखी थी। नशे की हालत में उसने खुद को चाकू मार लिया। सभी को सामन्य चोट लगी इसलिए उसका इलाज गांव के ही डॉक्टर से कराते रहे। लेकिन अंदर से जख्म गहरा था, जिससे उसकी मौत हो गई।
आखिर क्या वजह थी?
नशे की हालत में खुद को चाकू मार लेने के पीछे भी कोई कारण रहा होगा। पहले दिन जैसे झगड़े की बात सामने आई थी। हो सकता है समारोह के दौरान जीवन की किसी से कहासुनी हुई हो और उसने आवेश में आकर खुद को खत्म करने के इरादे से चाकू मार लिया। इसलिए पुलिस कारणों का पता लगा रही है।