खंडवा

समग्र आईडी : सत्यापन की रफ्तार धीमी…3.80 लाख की ई-केवायसी बाकी, अकेले निगम में 74 हजार सदस्यों की पेंडिंग

शहर और ग्रामीण क्षेत्र में समग्र आईडी के सत्यापन की प्रकिया धीमी चल रही है। प्रदेश स्तर पर जिला पिछड़ गया है। इसमें नगर निगम 69.77 वें नंबर पर आ गया है। 16.17 लाख सदस्यों में से 3.80 लाख की ई-केवायसी अब तक पूरी नहीं हुई है। शहर में 74 हजार 990 सदस्यों की इ-केवायसी लंबे समय से लंबित हैं। अफसरों की कमजोर मॉनीटरिंग से इ-केवायसी की प्रक्रिया धीमी चल रही है।
2 min read
• •
Oct 08, 2026
e-KYC
खंडवा : शहर और ग्रामीण क्षेत्र में इ-केवायसी बाकी है। एआई फोटो

शहर और ग्रामीण क्षेत्र में समग्र आईडी के सत्यापन की प्रकिया धीमी चल रही है। प्रदेश स्तर पर जिला पिछड़ गया है। इसमें नगर निगम 69.77 वें नंबर पर आ गया है। 16.17 लाख सदस्यों में से 3.80 लाख की ई-केवायसी अब तक पूरी नहीं हुई है। शहर में 74 हजार 990 सदस्यों की इ-केवायसी लंबे समय से लंबित हैं। अफसरों की कमजोर मॉनीटरिंग से इ-केवायसी की प्रक्रिया धीमी चल रही है।

शहर में 74,990 सदस्यों की इ-केवायसी लंबित

जिले में 16.17 लाख सदस्यों में से 3.80 लाख की ई-केवायसी अब तक पूरी नहीं हुई है। यानी हर चार में करीब एक सदस्य का सत्यापन अभी बाकी है। शहर में 74 हजार 990 सदस्यों की इ-केवायसी लंबे समय से लंबित हैं। ग्रामीण क्षेत्र में सबसे अधिक खालवा में 80,673 और पंधाना में 83,190 लोगों की ई-केवायसी नहीं हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में धीमी प्रगति के कारण जिले की स्थिति प्रदेश में पिछड़े जिलों में बनी हुई है। आला अफसरों की कमजोर मॉनीटरिंग के चलते स्थित बेहद कमजोर बनी हुई है। हालांकि अधिकारियों का दावा है कि हर मीटिंग प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए जाते हैं। यह हम नहीं बल्कि प्रदेश स्तर पर जारी रिपोर्ट में आंकड़े खुद ब खुद बता रहे हैं।

शहर के इन वार्डों में ज्यादा पेंडेंसी

नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार शहर में 2,47,181 सदस्य हैं। इनमें 74,990 की ई-केवायसी लंबित है। श्री दादाजी वार्ड, संजय नगर, खानशाहवली, रामनगर, अंबेडकर वार्ड और भैरव तालाब वार्ड में सबसे ज्यादा मामले बाकी हैं। निगम क्षेत्र के अन्य वार्डों में भी बड़ी संख्या में लोगों का सत्यापन नहीं हुआ है।

खालवा-पंधाना में आंकड़ा 80 हजार पार

जनपद पंचायतों में सबसे ज्यादा पेंडेंसी पंधाना और खालवा में है। पंधाना में 3,04,874 सदस्यों में से 83,190 की ई-केवायसी बाकी है। खालवा में 2,91,442 में से 80,673 सदस्य अभी सत्यापन से बाहर हैं। पुनासा में 42,815 और छैगांव माखन में 36,545 मामले लंबित हैं। हरसूद में 20,362, खंडवा में 20,728 और बलड़ी में 19,388 लोगों की ई-केवायसी बाकी है।

इन योजनाओं का नहीं मिलेगा लाभ

ई-केवायसी पूरी नहीं होने पर पीएम आवास, पेंशन, छात्रवृत्ति, किसान सम्मान निधि, भूमि व भवन के नामांतरण सहित शासन की विभिन्न योजनाओं में लाभ प्रभावित हो सकता है। ऐसे में 3.80 लाख लंबित इ-केवायसी के कार्य को पूर्ण कराने में प्रशासन का पसीना छूट रहा है।

इनका कहना : प्रियंका सिंह राजावत, आयुक्त, नगर निगम

शहरी क्षेत्र में प्रगति बढ़ाने के लिए टीम लगाई गई है। अब तक करीब 70 फीसदी की इ-केवायसी पूरी हो चुकी है। शेष लोगों की भी जल्द पूरी हो जाएगी। इसमें ऐसे लोग बचे हुए हैं जो स्वयं आगे नहीं आ रहे हैं। ऐसे लोगों का भी सत्यापन किया जा रहा है। सत्यापन के दौरान डुप्लीकेट आइडी पोर्टल से बाहर हो जाएगी।

कुल सदस्य-------लंबित इ-केवायी

नगर निगम 247181 74990

छनेरा 20698 820

मूंदी 12181 267

ओंकारेश्वर 9548 215

पंधाना 13716 297

पुनासा 12054 74

-------------------------

जनपद पंचायत

बलड़ी 64305 19388

खालवा 291442 80673

पंधाना 304874 83190

छैगांव माखन 171105 36545

हरसूद 98465 20362

पुनासा 210040 42815

खंडवा 161799 20728

कुल 1617408 380364

Updated on:
08 Oct 2026 11:35 am
Published on:
08 Oct 2026 11:35 am