
पत्रिका ने मामले को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद कलेक्टर ने एसडीएम ऋषि सिंघई की अगुवाई में जांच टीम गठित की। टीम ने मौके पर पहुंचकर निर्माण और अनुमति का मिलान किया तो एनओसी के विपरीत काम मिला। जांच टीम ने अनुमति निरस्त करने की सिफारिश की है।
छोटी आबना नदी में पुलिया निर्माण की अनुमति और मौके पर हो रहे काम के बीच अंतर सामने आया है। कलेक्टर की प्रारंभिक जांच में अनुमति की शर्तों का उल्लंघन मिला है। कॉलोनाइजर ने आमजन के आवागमन के लिए नदी में पियर बनाकर स्लैब डालने की अनुमति ली थी, लेकिन मौके पर नदी के बहाव क्षेत्र में दोनों छोर पर रिटेनिंग वॉल के बीच पाइप डालकर निर्माण किया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कॉलोनाइजर के आवेदन पर नदी की बजाय नाले में पुलिया निर्माण के लिए एनओसी जारी की थी। जांच टीम के अनुसार पीडब्ल्यूडी ने नाले के बीच पियर बनाकर लोगों के आवागमन के लिए स्लैब डालने की एनओसी जारी की है। लेकिन जांच के दौरान मौके पर नाला की जगह नदी में निर्माण किया जाना मिला है। स्थल पर प्रकृति और स्थिति अनुमति से अलग मिली। जांच टीम निर्माण की अनुमति और स्थल पर निर्माण को लेकर खुद माथा ठनक गया। नदी के 150 मीटर एरिया में निर्माण पर पुल का निर्माण करना मुश्किल है। इसकी ड्राइंग डिजाइन अलग है। पीडब्ल्यूडी एसडीओ सजल उपाध्याय, जनपद एसडीओ गौरव रघुवंशी, पीडब्ल्यूडी सब इंजीनियर एआर अरझरे सहित तकनीकी अधिकारी शामिल रहे। टीम ने एनओसी के आधार पर जारी अनुमति निरस्त करने की सिफारिश की है। पीडब्ल्यूडी कॉलोनाइजर को नोटिस जारी कर जवाब लेगा। इसके बाद जिम्मेदारी तय की जाएगी।
किशोर कुमार समाधि स्थल के सामने छोटी आबना नदी पर डैम है। इससे 200 मीटर दूर नदी में कैचमेंट क्षेत्र के बीच रिटेनिंग वॉल और पाइप डालकर निर्माण किया जा रहा है। इससे नदी के प्राकृतिक बहाव प्रभावित होगा। आसपास की कॉलोनियों के रहवासियों का कहना है कि बारिश के दौरान निर्माण के कारण पानी का प्रवाह प्रभावित हुआ। और नाले के रास्ते पानी कॉलोनियों में भरने लगा था। इंदौर रोड के आसपास घरों में भी पानी घुसा था। शिवभवन, तुलसीदास आदि स्थानीय लोग नदी में हो रहे निर्माण को लेकर भयभीत हैं। उनका कहना है कि बारिश के दौरान नदी का बहाव बाधित हुआ तो आसपास की बस्तियों को रहना मुश्किल हो जाता है।
इनका कहना : ऋषव गुप्ता, कलेक्टर
एसडीएम की अगुवाई में जांच टीम गठित की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।