खंडवा

खंडवा के टाकलखेड़ा बीट में वन विभाग की कार्रवाई, 4 हेक्टेयर जंगल अतिक्रमण मुक्त, खोद दिए गड्ढे

खंडवा. वन भूमि पर अतिक्रमण कर खेती करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। वन परिक्षेत्र गुड़ी को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करने की तैयारी के तहत आमाखुजरी और नहारमाल के बाद अब टाकलखेड़ा बीट में कार्रवाई शुरू की गई है। बुधवार को गुड़ी रेंज के 40 कर्मचारियों ने चार जेसीबी मशीनों की मदद से करीब 4 हेक्टेयर वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। यहां अतिक्रमणकारियों ने जंगल की जमीन पर कब्जा कर खेती शुरू कर दी थी। कार्रवाई के दौरान कब्जा की गई जमीन पर जेसीबी से गड्ढे खोदे गए, ताकि दोबारा खेती कर अतिक्रमण नहीं किया जा सके।
less than 1 minute read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 11:55 AM IST
टाकलखेड़ा के जंगल में अतिक्रमण हटाकर गड्ढे खोद दिए।

वन विभाग ने गुड़ी वन परिक्षेत्र में फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए चरणबद्ध तरीके से अभियान शुरू किया है। इसके तहत पहले नहारमाल और आमाखुजरी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। अब विभाग का अमला टाकलखेड़ा बीट में पहुंचा है। एसडीओ (आइएफएस) अजय गुप्ता सुबह से जंगल पहुंचे। यहां वन परिक्षेत्र अधिकारी नरेंद्र पटेल ने टीम को साथ लेकर जेसीबी मशीन से अतिक्रमण की हुई जमीन को कब्जे में लेने की कार्रवाई शुरू की। जेसीबी मशीनों के जरिए अतिक्रमण वाली जमीन पर गड्ढे खोद दिए।

करीब एक हजार हेक्टेयर वन भूमि पर अब भी अतिक्रमण

वन परिक्षेत्र गुड़ी में अतिक्रमण की समस्या लंबे समय से चुनौती बनी हुई है। जंगल की जमीन पर कब्जा कर खेती किए जाने से वन क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। अभी भी करीब एक हजार हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण है। कुछ लोगों के पास पट्टे भी हैं। उन्हें छोड़कर अवैध रूप से जंगल में कब्जा जमाकर अतिक्रमण करने वालों को हटाने की तैयारी है।

चरणबद्ध तरीके से चलेगा अभियान

वन विभाग का लक्ष्य गुड़ी वन परिक्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त करना है। इसके लिए उन क्षेत्रों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है, जहां जंगल की जमीन पर कब्जा कर खेती की जा रही है। टाकलखेड़ा बीट में पहले दिन की कार्रवाई में चार हेक्टेयर जमीन मुक्त कराई गई है। आने वाले दिनों में अभियान के तहत अन्य अतिक्रमण वाले क्षेत्रों में भी कार्रवाई किए जाने की तैयारी है।

Updated on:
29 Oct 2026, 11:55 AM IST
Published on: