
- रात 3 से सुबह 5 बजे तक चली कार्रवाई, तीन टीमों ने दी दबिश; गेहूं और चने की बोवनी के लिए तैयार कर रहे थे जमीन
मुनादी कर दी थी चेतावनी, फिर भी चलाए ट्रैक्टर
वन विभाग के अनुसार, नाहरमाल बीट के कक्ष क्रमांक 744 के अंतर्गत आने वाले ग्राम हीरापुर में पहले ही मुनादी कराकर ग्रामीणों को स्पष्ट चेतावनी दी गई थी। इसमें कहा गया था कि कोई भी व्यक्ति वन क्षेत्र में ट्रैक्टर से जुताई या जमीन की तैयारी नहीं करे। ऐसा करते पाए जाने पर ट्रैक्टर जब्त करने के साथ संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बावजूद कुछ लोग जंगल की जमीन पर खेती करने की तैयारी में जुटे थे।
रात 2 बजे मिली सूचना, तीन टीमों ने संभाला मोर्चा
वन विभाग को सोमवार रात करीब 2 बजे सूचना मिली कि कक्ष क्रमांक 744 के वन क्षेत्र में दो ट्रैक्टरों से खेती के लिए जमीन बखरी जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गुड़ी परिक्षेत्र के वन अमले की तीन अलग-अलग टीमें गठित की गईं। इसके बाद टीमों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। रात करीब 3 बजे शुरू हुई कार्रवाई सुबह 5 बजे तक चली। वन अमले ने दोनों ट्रैक्टर जब्त कर उनके चालकों को गिरफ्तार कर लिया।
सुबह 5.45 बजे कार्यालय लौटी टीम
कार्रवाई पूरी करने के बाद वन विभाग की टीम सुबह करीब 5.45 बजे गुड़ी कार्यालय लौट आई। पूरी कार्रवाई इस तरह अंजाम दी गई कि इसकी भनक आसपास के लोगों को समय रहते नहीं लग सकी। बताया जा रहा है कि अतिक्रमणकारी जंगल की जमीन पर गेहूं और चने की बोवनी के लिए खेत तैयार कर रहे थे। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन क्षेत्र में अवैध रूप से खेती की तैयारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।