खंडवा

खौफ के साए में बेटियां, स्कूल और मंदिर तक में पीछा कर रहे मनचले

जिले में बेटियों की सुरक्षा पर बड़ा खतरा मंडराने लगा है। स्कूल जाने वाली बालिकाओं से लेकर मंदिर पहुंची युवतियों तक का पीछा किया जा रहा है। एक सप्ताह में पांच स्टॉकिंग और छेड़छाड़ के मामले दर्ज हुए हैं। इस तरह की घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्कूल और मंदिर जैसे स्थान भी सुरक्षित नहीं रहे, ऐसे में बेटियां जाएं तो जाएं कहां।

2 min read
Feb 20, 2026
साइबर अपराध

- एक सप्ताह में पांच स्टॉकिंग केस, निर्भया पेट्रोलिंग गायब

- सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

शहर में घंटाघर और बॉम्बें बाजार में स्टॉकिंग हो रही है। खरीदी करने आई कॉलेज, स्कूल की लड़कियों, युवतियां व महिलाओं का पीछा किया जा रहा है। इधर मां नवचंडी मंदिर मेला ग्राउंड भी स्टॉकिंग की जा रही है। मेले में घूमने आई लड़कियों का पीछा कर मनचले परेशान कर रहे हैं। स्कूल व कॉलेज के सामने भी मनचलों का जमावड़ा है। स्कूल लगते समय व छुट्टी के समय बाइक पर मनचले यहां मौजूद रहते है। परीक्षा केंद्र के बाहर भी मनचले खड़े रह रहे हैं।

केस नंबर 1

मनचला बुजुर्ग स्कूल के बाहर खड़ा होकर घुरता रहा

पदमनगर थाना क्षेत्र में मनचले 65 वर्षीय बुजुर्ग की वजह से एक बालिका का स्कूल जाना दुश्वार हो गया था। आरोपी 65 वर्षीय बुजुर्ग सुरेश पिता किशोरीलाल पर अपनी पोती की उम्र की 14 वर्षीय बालिका के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है। डेढ़ माह से आरोपी बुजुर्ग पीछा कर बालिका का कभी हाथ पकड़ लेता तो कभी छेड़छाड़ करता। 11 फरवरी को बालिका घर से स्कूल के लिए निकली थी, तब आरोपी उसका पीछा करने लगा। रास्ते में साइकिल से आरोपी उसके पास आया और गाना गाते हुए चला गया। बालिका घबराकर स्कूल आ गई। इसके बाद पीछा कर आरोपी स्कूल के गेट के सामने खड़ा रहा।


केस नंबर 2





मंदिर के गेट पर छेड़छाड़


नवचंडी मंदिर के गेट पास 22 वर्षीय युवती के साथ छेड़छाड़ की घटना हुई। आरोपी युवराज पिता दीपक निवासी विद्यूत नगर युवती का पीछा कर उसके पास आया था। मंदिर के गेट पास युवती का रास्ता रोक लिया, साथ ही उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना 12 फरवरी की है। युवती ने मोघट थाने में युवराज की शिकायत की। थाने में ने आरोपी युवक के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया।

केस नंबर 3

पीछा कर हाथ पकड़ा, केस दर्ज

हरसूद थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ आरोपी पवन पिता चिरौंजीलाल मीणा निवासी मेहदपुर ने छेड़छाड़ की। घटना 17 फरवरी की है। आरोपी ने पीछा कर बुरी नियत से हाथ पकड़ लिया। वह उससे हाथ छुड़ाकर भागकर घर आ गई। परिवार को बताने के बाद बुधवार को हरसूद थाने में शिकायत की। पुलिस ने आरोपी पवन पर केस दर्ज किया है।

जोर से चिल्लाएं, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर करे कॉल

महिला थाना प्रभारी निरीक्षक सुलोचना गेहलोद का कहना है कि कहीं कोई पीछा कर परेशान कर रहा है तो इसकी जानकारी तत्काल अपने परिवार को दें। महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 पर या अपने क्षेत्र के थाने में शिकायत करे। अपने मोबाइल में इमरजेंसी नंबर स्पीड डायल पर रखे, जिससे की जरूरत पड़ने पर इसे उपयोग में लाया जा सके। मौके से ही डायल 112 पर कॉल करे। मुख्य रूप से जब कोई पीछा कर या रास्ता रोककर परेशान कर रहा है तो शोर मचाए जिससे की आसपास के लोगों से मदद मिल सके। पेन और पिन का उपयोग अपनी सुरक्षा में करे।

स्टॉकिंग होने पर इस तरह करें बचाव

- सतर्क रहें और स्थिति को नजरअंदाज न करें।

- स्टॉकर से किसी भी प्रकार का संवाद करने से बचें।

- सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी सीमित रखें।

- सभी कॉल, मैसेज या घटनाओं का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।

- अपने मोबाइल में इमरजेंसी नंबर स्पीड डायल पर रखें।

- यदि तत्काल खतरा हो तो तुरंत 112 पर कॉल करें।

Published on:
20 Feb 2026 12:07 pm
Also Read
View All

अगली खबर