खंडवा

GIS सर्वे : शहर में 10 हजार पुरानी संपत्तियों का टैक्स डेढ़ गुना तक बढ़ेगा, 3 करोड़ बढ़ी डिमांड

नगरीय क्षेत्र में जीआईएस ( ज्योग्राफिकल इंफार्मेशन सिस्टम ) यानी भौगोलिक सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। कुछ संपत्तियों का अभी फिजिकल सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही नई संपत्तियों को मिलाकर 53 हजार से अधिक हो जाएंगी। सर्वे के दौरान 10 हजार से अधिक नई संपत्तियां मिलीं हैं। नई और पुरानी संपत्तियों का डेटा अपडेट से निगम की आय 3 करोड़ बढ़ेगी। सर्वे के दौरान 12.50 करोड़ रुपए डिमांड थी। डाटा अपडेट के बाद बढ़कर 15.50 करोड़ रुपए होगी।
3 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:07 PM IST
GIS survey
KHANWA : GIS survey PHOTO AI

नगरीय क्षेत्र में जीआईएस ( ज्योग्राफिकल इंफार्मेशन सिस्टम ) यानी भौगोलिक सर्वे का कार्य पूरा हो गया है। कुछ संपत्तियों का अभी फिजिकल सत्यापन किया जा रहा है। प्रक्रिया पूरी होते ही नई संपत्तियों को मिलाकर 53 हजार से अधिक हो जाएंगी। सर्वे के दौरान 10 हजार से अधिक नई संपत्तियां मिलीं हैं। नई और पुरानी संपत्तियों का डेटा अपडेट से निगम की आय 3 करोड़ बढ़ेगी। सर्वे के दौरान 12.50 करोड़ रुपए डिमांड थी। डाटा अपडेट के बाद बढ़कर 15.50 करोड़ रुपए होगी।

15 करोड़ रुपए से अधिक हो गई डिमांड

शहर में अब मकान, दुकान और अन्य संपत्तियों का टैक्स पुराने हिसाब से नहीं चलेगा। जीआईएस सर्वे ने नगर निगम के संपत्तिकर रिकॉर्ड की तस्वीर बदल दी है। कहीं नई संपत्तियां सामने आई हैं तो कहीं मकानों की मंजिलें और क्षेत्रफल बढ़कर रिकॉर्ड में दर्ज हुए हैं। इसका असर सीधे नागरिकों की जेब पर पड़ने वाला है। करीब 10 हजार संपत्तियों का टैक्स एक से डेढ़ गुना तक बढ़ने की संभावना है। वहीं, नगर निगम की सालाना टैक्स डिमांड भी 12 करोड़ रुपए से बढ़कर 15 करोड़ रुपए से अधिक पहुंचने का अनुमान है।

रिकॉर्ड में संपत्तियों की संख्या 53 हजार से अधिक

नगर निगम ने 8 फरवरी 2025 से जीआईएस सर्वे शुरू किया था। सर्वे के दौरान 10 हजार से अधिक नई संपत्तियां सामने आईं। पुरानी संपत्तियों का क्षेत्रफल, मंजिल और अन्य विवरण भी अपडेट किए गए हैं। नवंबर में सर्वे का डेटा पोर्टल पर अपडेट हो चुका है। कुछ संपत्तियों का भौतिक सत्यापन अभी बाकी है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निगम के रिकॉर्ड में संपत्तियों की संख्या 53 हजार से अधिक होने का अनुमान है। निगम के पुराने रिकॉर्ड में टैक्स के दायरे में 43,346 संपत्तियां दर्ज थीं।

खानशाहवली वार्ड में सबसे अधिक नई संपत्तियां

जीआईएस सर्वे में खानशाहवली, किशोर कुमार गांगुली और संतोषी माता वार्ड में सबसे अधिक नई संपत्तियां सामने आई हैं। खानशाहवली वार्ड-36 में संपत्तियों की संख्या बढ़कर 3200 हो गई है। इनमें करीब 2000 नई संपत्तियां दर्ज हुई हैं। किशोर कुमार गांगुली वार्ड-5 में कुल 2696 संपत्तियां हैं। यहां 495 नई संपत्तियां मिली हैं। संतोषी माता वार्ड-32 में 2200 संपत्तियां रिकॉर्ड की गई हैं। इनमें करीब 1000 नई संपत्तियां शामिल हैं।

ऐसे निर्धारित होता है संपत्तिकर

संपत्तिकर का निर्धारण क्षेत्र और गाइडलाइन के आधार पर होता है। पॉश क्षेत्र में आवासीय संपत्तियों के लिए 20 रुपए प्रति वर्गफीट की दर निर्धारित है। सामान्य क्षेत्र में 18 रुपए और स्लम क्षेत्र में 15 रुपए प्रति वर्गफीट के हिसाब से गणना होती है। व्यावसायिक संपत्तियों पर अतिरिक्त शुल्क लगता है। मकान में मालिक के अलावा किराएदार होने पर भी टैक्स में 500 रुपए अतिरिक्त जुड़ते हैं। सर्वे में क्षेत्रफल बढ़ने या अतिरिक्त मंजिल दर्ज होने से टैक्स का आकलन भी बढ़ जाएगा।

ऐसे समझें टैक्स वृद्धि

आनंद नगर निवासी रामकिशुन के मकान की दूसरी मंजिल जीआईएस सर्वे में अपडेट हुई है। पहले वे 1220 रुपए संपत्तिकर जमा कर रहे थे। नए आकलन के बाद टैक्स करीब 2000 रुपए तक पहुंचने का अनुमान है। इसी तरह 10 हजार से अधिक संपत्तियों का क्षेत्रफल और अन्य विवरण अपडेट हुए हैं। इनके टैक्स में एक से डेढ़ गुना तक वृद्धि हो सकती है।

लोक अदालत के लिए बकायेदारों को नोटिस

निगम 12 दिसंबर को होने वाली लोक अदालत की तैयारी में जुटा है। पांच हजार रुपए से अधिक के बकायेदारों में 12 हजार से अधिक को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। शेष बकायेदारों की सूची तैयार की जा रही है।

इनका कहना : प्रकाश राजपूत, बाजार अधिकारी, नगर

जीआईएस सर्वे का डेटा अपडेट हो गया है। अपडेट होने के बाद अब संपत्तियां 50 हजार से अधिक हो गई हैं। कुछ संपत्तियों का भौतिक सत्यापन का कार्य चल रहा है। 30 नवंबर तक पूरा होगा। टैक्स डिमांड 12 करोड़ रुपए से बढ़कर 15 करोड़ रुपए से अधिक होने की संभावना है।

Updated on:
23 Nov 2026, 12:07 PM IST
Published on: