खंडवा

51 करोड़ से 31 स्कूलों का होगा कायाकल्प…लैब-लाइब्रेरी के साथ बनेंगे अतिरिक्त कक्ष

जिले के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ सुविधाओं की तस्वीर भी बदलेगी। कहीं जर्जर भवनों को राहत मिलेगी तो कहीं बच्चों को प्रायोगिक पढ़ाई के लिए लैब और किताबों के लिए लाइब्रेरी कक्ष मिलेंगे। कुछ में अतिरिक्त कक्ष भी बनाए जाएंगे। जिले के 31 हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों पर शासन ने 51 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी है। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण एजेंसियां भी तय कर दी गई हैं। कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होंगे।
2 min read
• •
Updated: 20 Nov 2026, 11:57 AM IST
government school
खंडवा : जिले में 31 स्कूलों का 50 करोड़ रुपए से अधिक लागत से कायाकल्प होगा।

जिले के सरकारी स्कूलों में अब पढ़ाई के साथ सुविधाओं की तस्वीर भी बदलेगी। कहीं जर्जर भवनों को राहत मिलेगी तो कहीं बच्चों को प्रायोगिक पढ़ाई के लिए लैब और किताबों के लिए लाइब्रेरी कक्ष मिलेंगे। कुछ में अतिरिक्त कक्ष भी बनाए जाएंगे। जिले के 31 हाईस्कूल और हायर सेकंडरी स्कूलों पर शासन ने 51 करोड़ रुपए खर्च करने की मंजूरी दी है। जिला शिक्षा अधिकारी के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण एजेंसियां भी तय कर दी गई हैं। कागजी प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू होंगे।

स्कूलों की जरूरत के हिसाब से होंगे निर्माण

इस बार निर्माण के लिए एक जैसा खाका नहीं बनाया गया है। स्कूलों के प्राचार्यों ने अपनी जरूरत के अनुसार प्रस्ताव भेजे थे। इन्हीं प्रस्तावों के आधार पर निर्माण कार्यों को स्वीकृति मिली है। जिन स्कूलों में कक्षों की कमी है, वहां अतिरिक्त कक्ष बनाए जाएंगे। प्रायोगिक विषयों की पढ़ाई के लिए अलग लैब कक्ष होंगे। वहीं विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने के लिए लाइब्रेरी कक्ष भी बनाए जाएंगे।

कंप्यूटर लैब से लेकर स्टाफ रूम तक

स्कूलों में आधुनिक शिक्षा की जरूरतों को भी ध्यान में रखा गया है। इसके तहत कंप्यूटर लैब रूम का निर्माण होगा। शिक्षकों के लिए स्टाफ रूम बनाए जाएंगे। छात्र-छात्राओं की सुविधा के लिए टॉयलेट का निर्माण और मरम्मत भी प्रस्ताव में शामिल है। इसके अलावा स्कूल परिसरों को सुरक्षित रखने के लिए बाउंड्रीवाल बनाई जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से स्कूलों में सीसीटीवी कैमरे लगाने सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।

अब दूसरे चरण की तैयारी

शिक्षा विभाग ने फिलहाल 31 स्कूलों के प्रस्ताव पर स्वीकृति मिलने के बाद दूसरे चरण की तैयारी भी शुरू कर दी है। जिले के अन्य स्कूलों के प्राचार्यों से भी निर्माण और मरम्मत संबंधी प्रस्ताव मांगे गए हैं। इनका परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद जरूरत के मुताबिक शासन को नया प्रस्ताव भेजा जाएगा।

इन 31 स्कूलों का होगा कायाकल्प

छैगांवमाखन : हायर सेकंडरी स्कूल बारूड, देशगांव, हाईस्कूल दुल्हार, धानगांव, सिरसौद, अवल्या ।

हरसूद : शासकीय हाईस्कूल मोजवाड़ी, भराड़ी, दगड़खेड़ी माल, छालपी खुर्द, सोनखेड़ी, हायर सेकंडरी स्कूल पिपलानी, हाईस्कूल पटेल मोहल्ला हरसूद, हायर सेकंडरी स्कूल एक्सीलेंस हरसूद।

खंडवा : शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल एमएलबी, अमलपुरा, सिहाड़ा, हाईस्कूल बोरगांव खुर्द, रामनगर।

पंधाना : शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल पिपलोद खास, बागमार, गांधवा, कोहदार, शासकीय हाईस्कूल खिरगांव ।

पुनासा : शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल ओंकारेश्वर, खेईगांव, खुटाला कला, रिछफल, मोहना, हाईस्कूल जलवा बुजुर्ग,

बलाड़ी : शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल एक्सीलेंस किल्लोद

इनका कहना : बलवंत पटेल, जिला शिक्षा अधिकारी

शासन ने 31 स्कूलों में निर्माण कार्यों की स्वीकृति दी है। निर्माण एजेंसियां तय हो गई हैं। कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू होंगे। अन्य स्कूलों के प्राचार्यों से भी प्रस्ताव मांगे हैं। परीक्षण के बाद दूसरा प्रस्ताव शासन को भेजेंगे, ताकि बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Updated on:
20 Nov 2026, 11:57 AM IST
Published on: