खंडवा

पुरुषों पर हाई बीपी का ज्यादा असर, 25 से 35 साल के युवा भी तेजी से हो रहे शिकार

खंडवा. जिले में हाई ब्लड प्रेशर की समस्या पुरुषों में अधिक देखी जा रही है। चिंता की बात यह है कि अब यह बीमारी उम्रदराज लोगों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि 25 से 35 वर्ष के युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में कम उम्र के लोगों में हाई बीपी की शिकायतें सामने आने का सिलसिला बढ़ा है। वहीं, सर्द मौसम ने हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। तापमान में गिरावट के साथ रक्तचाप बढ़ने की आशंका रहती है। ऐसे में पुरुषों और खासकर युवा मरीजों को अपनी सेहत को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 12:00 PM IST
हाई ब्लड प्रेशर
  • खंडवा जिले में पुरुषों में हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों का प्रतिशत अधिक, कम उम्र में सामने आ रहे मामले
  • सर्दी बढ़ने के साथ देर रात और अलसुबह बढ़ रहा खतरा, हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक की आशंका

हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय श्रीवास्तव ने बताया कि देश में लगभग 21 करोड़ लोग हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित हैं। यानी हर चार में से एक व्यक्ति इस बीमारी से प्रभावित है। इनमें करीब 39 प्रतिशत लोगों को यह जानकारी ही नहीं है कि उन्हें हाई बीपी है। वहीं, बीमारी की जानकारी होने और इलाज लेने के बावजूद लगभग 17 प्रतिशत मरीजों का ब्लड प्रेशर नियंत्रित नहीं रहता। जिले में भी पुरुषों में हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों का प्रतिशत महिलाओं की तुलना में अधिक है। कम उम्र के युवाओं में इसके मामले सामने आना स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और नियमित जांच की जरूरत को दर्शाता है।

पुरुषों में ज्यादा मामले, युवाओं में बढ़ती शिकायत चिंता का विषय

डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, खंडवा में हाई बीपी के मरीजों में पुरुषों की संख्या अधिक है। खासकर 25 से 35 वर्ष की उम्र के लोगों में भी अब उच्च रक्तचाप की शिकायत देखी जा रही है। कई बार शुरुआती दौर में इसके स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आते, जिसके कारण लोग अपनी जांच नहीं करवाते। ऐसे में उन्हें लंबे समय तक बीमारी का पता नहीं चल पाता। नियमित ब्लड प्रेशर जांच नहीं कराना भी परेशानी बढ़ने की एक वजह बन सकता है।

ठंड में बढ़ जाता है हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा

सर्दियों में तापमान कम होने से शरीर की धमनियां सिकुड़ जाती हैं। इससे रक्त प्रवाह के दौरान दबाव बढ़ता है और ब्लड प्रेशर अनियंत्रित हो सकता है। खासकर देर रात और अलसुबह ठंड का असर अधिक होने से हाई बीपी के मरीजों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। रक्तचाप अधिक रहने पर हार्ट अटैक और ब्रेन स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

नमक कम करें, नियमित जांच और दवाइयों पर दें ध्यान

डॉ. श्रीवास्तव ने मरीजों को सलाह दी है कि अत्यधिक ठंड में बाहर निकलने से बचें। जरूरी होने पर गर्म कपड़े पहनकर शरीर को अच्छी तरह ढकें। दवाइयां नियमित लें और चिकित्सक की सलाह के बिना बंद न करें। भोजन में नमक की मात्रा लगभग 25 प्रतिशत कम रखें। आम का अचार, पापड़ और अधिक नमक वाले सूप जैसी चीजों से परहेज करें। सप्ताह में कम से कम एक बार ब्लड प्रेशर की जांच करवाएं और चिकित्सक की सलाह के अनुसार दवाइयों की मात्रा निर्धारित कराएं।

सात घंटे नींद, रोज 30 मिनट तेज चाल चले

हाई ब्लड प्रेशर की बीमारी से बचने के लिए सभी खासकर युवाओं को खाने-पीने में ध्यान रखना है। जंक फूड, ज्यादा ज्यादा तेल , मसाले एवं चिकनाई वाली चीज ना खाएं, नमक का सेवन 5 ग्राम प्रतिदिन से अधिक न करें। नियमित तेज चाल से लगभग 30 मिनट प्रतिदिन एवं सप्ताह में 5 दिन कम से कम अवश्य चलें। मानसिक तनाव से बचें, धूम्रपान -शराब का सेवन बिल्कुल ना करें। रात की नींद कम से कम 7 घंटे की अवश्य ले ।






Updated on:
27 Nov 2026, 12:00 PM IST
Published on: