
खंडवा. शहर में आजादी की आंदोलन की याद दिलाने वाली ऐतिहासिक धरोहर अतिक्रमण का शिकार हो गई है। अंग्रेजों की गुलामी के समय राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने खंडवा में भी आजादी का अलख जगाया था। जिस जगह पर गांधीजी ने जनता को संबोधित किया था, उस जगह पर आज चारों और ठेले लग रहे है। देश के पहले प्रधानमंत्री नेहरूजी के जन्म शताब्दी वर्ष पर यहां एक स्मारक भी बनाया गया और देशभर के आंदोलन स्थालों की मिट्टी संग्रह भी किया गया। अब इस स्मारक की सुध लेने वाला कोई नहीं है।
शहर के हृदय स्थल घंटाघर पर प्राचीन बालाजी मंदिर के पास बना है ऐतिहासिक आंदोलनों के मिट्टी संग्रह का स्मारक। इस स्थान पर १ अप्रैल १९३० में महात्मा गांधी ने खंडवा में स्वतंत्रता संग्राम का अलख जगाते हुए संबोधित किया था। उनके साथ स्वतंत्रता संग्राम सैनानी राष्ट्रकवि पं. माखनलाल चतुर्वेदी, पं. भगवंतराव मंडलोई। रायचंद्र नागड़ा सहित शहर के कई स्वंतत्रता संग्राम सैनानी यहां उपस्थित थे। तब से इस जगह को गांधी चौक का नाम दिया गया था। हालांकि अब ये स्थान घंटाघर के नाम से जाना जाता है। 7 अगस्त 1987 में यहां स्वतंत्रता की 40वीं वर्षगांठ और नेहरू जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक स्मारक का निर्माण किया गया था।
अतिक्रमणकारियों का हो गया कब्जा
वर्तमान में मिट्टी संग्रह स्मारक अतिक्रमण की जद में आ चुका है। स्मारक के आगे, पीछे, साइड में ठेले ही ठेले नजर आ रहे हैं। नई पीढ़ी को तो पता भी नहीं है कि यहां कोई स्मारक है। क्षेत्रवासी पं. कमलेश शर्मा ने बताया कि यहां के अतिक्रमण को हटाने के लिए कई बार नगर निगम, कलेक्टर और सीएम हेल्प लाइन में भी शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन कोई हल नहीं निकला है। नगर निगम कभी यहां पार्किंग बनाने, तो कभी ऑटो स्टैंड बनाने की बात करता रहा और अतिक्रमणकारी अपना काम करते रहे। हद तो ये है कि अतिक्रमणकारियों ने इस ऐतिहासिक स्मारक को ही सामान रखने का स्थान बना लिया है।