खंडवा

Murder or Suicide: ट्रेन की चपेट में आने से 100 मीटर तक ट्रैक पर घिसटता गया युवक, नग्न हालत में मिला शव

सुरगांव बंजारी रेलवे स्टेशन के पास का मामला, जावर पुलिस जांच में जुटी।
2 min read
• •
Updated: 10 Dec 2017, 2:31 PM IST
khandwa man jump before train
khandwa man jump before train

खंडवा. दिल्ली-मुंबई रूट पर सुरगांव बंजारी रेलवे स्टेशन के पास शनिवार को रेलवे ट्रैक पर नग्न हालत में युवक का शव मिला है। शव क्षत-विक्षत अवस्था में बीच ट्रैक पर पड़ा था। ग्रामीणों की नजर पड़ी तो तुरंत जावर पुलिस को खबर दी। इधर, ग्राम में नग्न शव ट्रैक पर मिलने की सूचना से सनसनी फैल गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। वहीं पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाया।

पंचनामे के दौरान ट्रैक पर करीब १०० मीटर तक खून के धब्बे पड़े मिले हैं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ट्रेन की चपेट में आने के बाद मृतक करीब १०० मीटर तक ट्रैक पर घिसटा है। इसी कारण शव क्षत-विक्षत हो गया। पुलिस ने पीएम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा है। घटनाक्रम में युवक की मौत पर हत्या या आत्महत्या का सवाल बना हुआ है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के ग्रामों में सूचना दी गई है।

मृतक के दाएं हाथ पर मुकेश और संजू नाम गुदा हुआ था। वहीं दूसरे हाथ पर जय माता दी लिखा था। मौके पर पुलिस को मृतक के कपड़े नहीं मिले है और ना ही उससे जुड़ा कोई अन्य सामान। मृतक का शव नग्न हालत में मिलने के बाद मामले में युवक की हत्या होने का अंदेशा बना हुआ है। उसकी उम्र करीब २५ वर्ष बताई जा रही है। इधर, पीएम के बाद डॉक्टर्स ने मौत ट्रेन की चपेट में आने के कारण होना बताई है। हालांकि पीएम रिपोर्ट आने के बाद कारण स्पष्ट हो सकेगा।

प्रदेश की सभी थाना पुलिस को भेजी जानकारी
जावर थाना प्रभारी पुष्पेन्द्र राठौर ने बताया ट्रैक पर नग्न हालत में शव मिला है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी पहचान के लिए जिले सहित प्रदेश की थाना पुलिस को मृतक की फोटो भेजकर सूचना दी है। वहीं मुकेश, संजू नाम के गुमशुदगी के प्रकरण की पड़ताल की जा रही है। प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। मृतक की पहचान होने के बाद ही अन्य बिंदु सामने आएंगे।

Updated on:
10 Dec 2017, 2:31 PM IST
Published on: