खंडवा

जावर उद्वहन सिंचाई… पाइप लाइन फोडऩे पर खंडवा के थाना मोघट में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

-इधर, लखनगांव लाइन के पाइंट से अज्ञात व्यक्ति प्लेट निकालकर ले गया -नहर में पानी के लिए परेशान किसान, रात भर जागकर हो रहा इंतजार -एक लीकेज ठीक करने में कंपनी को लग रहे 8 से 10 दिन
2 min read
• •
Updated: 19 Nov 2026, 12:29 PM IST
Khandwa Irrigation Project
खंडवा. सिंचाई योजना का निरीक्षण करते एसडीएम।

जावर उद्वहन सिंचाई योजना में जहां एक ओर किसान पानी के लिए परेशान हो रहे है। दूसरी ओर पाइप लाइन फोडऩे की घटना भी सामने आई है। इस मामले में जिला प्रशासन द्वारा दो लोगों के खिलाफ मोघट थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है। वहीं, ग्राम लखनगांव लाइन के पाइंट से भी प्लेट चुराने का मामला सामने आया है। जिसके बाद किसान अब पाइंटों पर पहुंचकर रात में निगरानी भी कर रहे है। वहीं, कई गांवों में अब तक पानी नहीं पहुंचने से किसानों में भारी आक्रोश भी बना हुआ है।

लोक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज

जावर उद्वहन सिचाई योजना के कार्यपालन यंत्री के आवदेन के आधार पर मंगलवार रात पुलिस चौकी रामेश्वर थाना मोघट रोड में ग्राम बडियातुला के खालिद पिता अय्यवु एवं खलील पिता अय्यबु के विरूद्ध सिंचाई योजना की एचडीपीई पाइप लाइन को क्षतिग्रस्त करने के मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में लोक संम्पति नुकसान निवारण अधिनियिम 1984 की धारा-3 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 324(2),3(5) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।

लाइन फूटने से आगे के खेतों तक नहीं पहुंच रहा पानी

खालिद और खलील द्वारा ग्राम मुंदवाड़ा में जावर उद्वहन सिंचाई परियोजना की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त किया गया जिससे मुंदवाड़ा और पाइपलाइन से आगे जुडऩे वाले ग्राम सिहाड़ा के कृषकों को पानी नहीं मिल रहा था। एचडीपीई पाइप लाइन के क्षतिग्रस्त होने से किसानों को सिचाई सुविधा उपलब्ध कराने में कठिनाई उत्पन्न हो रही थी। एडीएम क्षितिज शर्मा एवं एसडीएम ऋषि सिंघई द्वारा निरीक्षण के दौरान यह मामला सामने आया था। जिसके बाद यह कार्रवाई हुई है।

एमएस लाइन में लीकेज, आज शाम तक बंद रहेगी लाइन

जावर उद्वहन सिंचाई योजना में स्कीम 3 के गांव बमनगांव भीला के पास बुधवार रात को एमएस लाइन में लीकेज हो गया। जिसके चलते बमनगांव, पिपल्या खेड़ी, लखनगांव और भकराड़ा की पानी सप्लाई रुक गई। अधिकारियों के अनुसार गुरुवार शाम तक लाइन का काम पूरा करने के बाद पानी सप्लाई की जाएगी। इसके पूर्व मंगलवार रात बमनगांव के पास कोई लखनगांव लाइन के पाइंट से प्लेट निकालकर ले गया। जिसके बाद बड़ी संख्या में किसान यहां पहुंचे थे।

स्कीम फोर के गांव भी हो रहे लामबद्ध

जावर उद्वहन सिंचाई योजना में स्कीम फोर के गांवों को अब तक पानी मिलना शुरू नहीं हुआ है। यहां मुंदवाड़ा, बडग़ांवमाली, सतवाड़ा, रूधि, बडिय़ातुला, सुंदरबेल, कोटवाड़ा, नहाल्दा, वीरपुर कुंडलेश्वर आदि गावों के किसान अब भी परेशान हो रहे है। बडग़ांव माली के सरपंच राजेश पाटीदार ने बताया कि विभाग को एक लीकेज ठीक करने में आठ से दस दिन लग रहे है। पेटियों तक पानी नहीं आ रहा है। बडग़ांवमाली हाई स्कूल के पास 8 दिन से लीकेज है, जिसे अब तक नहीं सुधारा गया है। इस मामले में स्कीम फोर के सभी गांवों के सरपंचों से चर्चा की जा रही है। पानी नहीं मिलने पर आंदोलन भी किया जाएगा।

दर्ज कराई एफआईआर

सिंचाई योजना की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त करने पर दो लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है। एडीएम और एसडीएम की अध्यक्षता में समिति बनाकर योजना का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। योजना को अभी तक पूर्णता का प्रमाण नहीं दिया गया है। इसका काम चल रहा है।
ऋषव गुप्ता, कलेक्टर

Updated on:
19 Nov 2026, 12:29 PM IST
Published on: