खंडवा

धनतेरस पर बरसा धन… खंडवा में पहली बार 60 करोड़ का कारोबार, बाइक-कार की रिकॉर्ड बिक्री

-खरीदी के सारे रिकॉर्ड टूटे, पहली बार जमकर हुई मां लक्ष्मी की कृपा -सोशल मीडिया ने चांदी के कछुए, मछली, हाथी, गाय-बछड़े, उल्लू का ट्रेंड बढ़ाया -सोने के भाव में उछाल के बाद भी अच्छा रहा कारोबार, बर्तन बाजार भी चमका
2 min read
• •
Updated: 7 Nov 2026, 12:02 PM IST
Khandwa Dhanteras Market
खंडवा. घंटाघर पर खरीदी के लिए उमड़ी लोगों की भीड़।

अच्छे स्वास्थ्य के लिए भगवान धन्वंतरी के पूजन के साथ ही धन के देवता कुबेर के पूजन सहित खरीदी भी धनतेरस पर शुभ मानी जाती है। शुक्रवार को धनतेरस पर बाजार में जमकर धन वर्षा हुई। बाजार में आई बूम से दुकानदारों, व्यापारियों के भी चेहरे खिल उठे। एक अनुमान के तौर पर करीब 60 करोड़ का बाजार धनतेरस पर रहा। सबसे ज्यादा बूम ऑटो मोबाइल सेक्टर में रही। करीब 50 करोड़ की बिक्री बाइक, कार, ट्रैक्टर्स, इ-स्कूटर्स की हुई है। सोने की चमक के साथ चांदी भी खूब दमकी।

भीड़ ऐसी की पैर रखने की जगह नहीं रही

धनतेरस पर बाजार में खरीदी के लिए ऐसी भीड़ उमड़ी की प्रमुख बाजारों में पैदल चलने की भी जगह नहीं रही। सुबह से लेकर रात 10 बजे तक बाजार में खासी रौनक रही। सबसे ज्यादा बूम ऑटोमोबाइल सेक्टर में रही। शो-रूम संचालकों के अनुसार 2 हजार से ज्यादा बाइक-स्कूटर उठे हैं, लगभग 25 करोड़ का व्यापार रहा। सेठी होंडा के सभी आउटलेट से 1030 बाइक-स्कूटर्स, ठक्कर हीरो से 650 प्लस, खंडवा ऑटो मोबाइल से 230 से ज्यादा बाइक-स्कूटर उठे है। इसके अलावा अन्य शोरूम सहित ईवी स्कूटर्स की भी खासी बिक्री हुई है। सिर्फ बाइक और स्कूटर्स ही 25 करोड़ के बिके हैं।

watch video

सोशल मीडिया ने बढ़ाया मछली, कछुआ, हाथी, उल्लू का क्रेज

इस बार सोशल मीडिया रील्स पर कई पोस्ट चांदी के कछुआ, मछली, हाथी, उल्लू, गाय-बछड़े को लेकर की गई थी। जिसके चलते सराफा बाजार में चांदी की लक्ष्मी प्रतिमा, सिक्कों के साथ ही इनकी भी मांग बढ़ी। आरके ज्वेलर्स के दीपक पालीवाल ने बताया कि लोग हर साल चांदी के सिक्के ज्यादा खरीदते है, लेकिन इस बार चांदी की इन वस्तुओं की मांग ने अचरज में डाल दिया।

कार बाजार और रियल एस्टेट में भी बूम

धनतेरस पर कार बाजार भी पीछे नहीं रहा। विभिन्न शोरूम से करीब 155 से ज्यादा कारें बिकी है। सिर्फ महिंद्रा शोरूम से 70 कारें, टोयोटा से 54 कार सहित अन्य शोरूम से भी कारों का अच्छा कारोबार रहा। वहीं, ट्रैक्टर्स, तीन पहिया लोडिंग वाहन, ऑटो भी खूब बिके। चार पहिया वाहन बाजार करीब 22 करोड़ का रहा। इसके साथ ही रियल एस्टेट में छाई मंदी भी धनतेरस पर दूर हुई। जिला पंजीयक कार्यालय में सिर्फ खंडवा तहसील में ही शुक्रवार को 47 रजिस्ट्री हुई। अनुमान के मुताबिक करीब 5 करोड़ का कारोबार रियल एस्टेट में हुआ है।

बर्तन बाजार, सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स भी गुलजार

धनतेरस पर सोने-चांदी के गहनों की अच्छी डिमांड रही। पुष्य नक्षत्र के बाद सोने के भाव में उछाल आया, लेकिन उसका असर देखने को नहीं मिला। लोग पारंपरिक दुकानों पर खरीदी के लिए पहुंचे। छोटे-बड़े शोरूम दुकानों से करीब 5 करोड़ का व्यापार सराफा में हुआ है। इसके अलावा बर्तन बाजार भी खासा गुलजार रहा। स्टील के साथ पीतल, तांबे के बर्तनों की अच्छी मांग रही। पूजा के दीपक भी खूब बिके। इसके इलेक्ट्रॉनिक्स, रेडिमेड गारमेंट्स सहित स्थानीय फुटकर बाजार में भी रौनक रही।

फैक्ट फाइल…

25 करोड़ की बाइक-स्कूटर बिकी
22 करोड़ की रही कारों और ट्रैक्टरों की बिक्री
5 करोड़ रुपए का व्यापार सराफा बाजार में
50 लाख रुपए का रहा बर्तन बाजार
1.50 करोड़ की खरीदी इलेक्ट्रानिक्स, कपड़ा बाजार में
50 लाख रुपए का रहा स्थानीय बाजार
5 करोड़ के हुए रियल एस्टेट्स में सौदे

Updated on:
7 Nov 2026, 12:02 PM IST
Published on: