
- 6 से 8 नवंबर तक बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
- 8 नवंबर तक पुराना बस स्टैंड बंद, दादाजी बस स्टैंड से चलेंगी बसें, पांच नाकों पर भारी वाहनों की नो एंट्री
प्रमुख बाजारों में वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
रेलवे तिराहा, केवलराम, बॉम्बे बाजार, घंटाघर और नगर निगम क्षेत्र में नो व्हीकल जोन बनाया गया है। इसके अलावा घंटाघर से सराफा गली होते हुए पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर तक और रेलवे स्टेशन के सामने से दूध गली, केवलराम और फूलगली तक तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बाजारों में भीड़ का दबाव अधिक बढ़ने पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जा सकती है। हालांकि, आपातकालीन वाहनों को प्रवेश की अनुमति रहेगी।
चार स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था
बाजारों में आने वाले लोगों के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग निर्धारित की गई है। चार पहिया वाहनों के लिए गांधी भवन पार्किंग, दोपहिया वाहनों के लिए दधीच पार्क तथा दो और चार पहिया वाहनों के लिए पुरानी अनाज मंडी में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। लोगों से निर्धारित स्थानों पर ही वाहन पार्क करने की अपील की गई है।
पांच नाकों से भारी वाहनों की नो एंट्री
शहर में बायपास मार्ग नहीं होने के कारण भारी वाहन भी शहर के बीच से होकर गुजरते हैं। दीपावली पर बाजारों में यातायात का दबाव कम करने के लिए इंदौर नाका, हरसूद नाका, पंधाना नाका, रामनगर नाका और नागचून नाका से सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बसों का संचालन नए बस स्टैंड से
पुराना बस स्टैंड 4 से 8 नवंबर तक बंद रखा जाएगा। इस अवधि में सभी बसें श्रीदादाजी नए बस स्टैंड से संचालित होंगी। बुरहानपुर जाने वाली बसें भी नए बस स्टैंड से ही मिलेंगी। यातायात पुलिस ने लोगों से मुख्य बाजार में खरीदारी के लिए आते समय जहां तक संभव हो दोपहिया वाहनों का उपयोग करने और निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की है।