खंडवा

खंडवा में शुद्ध के लिए युद्ध: नकली पनीर की आशंका में 17 किलो जब्त, 6 लाख का घी भी सीज

-एनालॉग पनीर की आशंका में एक फर्म से 17 किलोग्राम पनीर जब्त -दो दुकानों से 6 लाख रुपए का 850 किग्रा घी भी जब्त किया, सैंपल भी लिए
2 min read
Aug 14, 2026
analog paneer
खंडवा. एनालॉग पनीर की आशंका में फर्म से जब्त किया पनीर।

प्रदेश सरकार ने हाल ही में एनालॉग पनीर पर प्रतिबंध लगाया है। जिसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग भोपाल के निर्देश पर डेयरी प्रोडेक्ट की जांच पूरे प्रदेश में हो रही है। खंडवा में भी एनालॉग पनीर के साथ नकली घी-मावा को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने तीन स्थानों पर कार्रवाई की। इसमें एक दुकान से एनालॉग पनीर की आशंका में 17 किग्रा पनीर और दो दुकानों से अलग-अलग कंपनी का 850 किग्रा घी, कीमत 6 लाख रुपए जब्त किया गया है।

मिलावटी पनीर की आशंका के चलते हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग अधिकारियों ने डेयरी प्रोडक्ट को लेकर बुधवार रात स्टेशन रोड दूध गली स्थित मित्र मिलन फर्म का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फर्म से पनीर के सैंपल भी लिए गए। इसके साथ ही इस फर्म से 17 किलोग्राम पनीर भी जब्त किया गया, जिसकी कीमत 5780 रुपए है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी राधेश्याम गोले ने बताया कि मिलावटी पनीर के मद्देनजर जिले से विगत 15 दिनों में विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर के 7 सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जा चुके है। कार्रवाई में खाद्य निरीक्षक मयूरी डोंगरे भी शामिल रहीं।

श्रीधी घी के सैंपल लिए, 283.4 लीटर घी भी जब्त

खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को कार्यवाही करते हुए सरस्वती स्कूल के पास कल्यानगंज स्थित फर्म गणेश ट्रेडर्स का औचक निरीक्षण किया। इस फर्म के निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में श्रीधी घी विक्रय करने के लिए रखा हुआ पाया गया। इस फर्म से श्रीधी घी के विभिन्न प्रकार के पैक यथा 100 एमएल, 200 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर, 5 किग्रा पैकिंग, 15 किग्रा पैकिंग के नमूने लिए गए है। साथ ही कुल 283.4 लीटर श्रीधी घी जिसकी कीमत 197500 रुपए है जप्त किया गया है।

567 लीटर प्योरा श्योर घी भी किया जब्त

खाद्य सुरक्षा अधिकारी की टीम ने बॉम्बे बाजार स्थित न्यू अन्नपूर्णा किराना भंडार से प्योरा श्योर गाय का घी एवं देशी घी के विभिन्न प्रकार के पैक यथा 100 एमएल, 500 एमएल, 1 लीटर और गाय का घी आदि के नमूने लिए गए है। साथ ही 567 लीटर प्योरा श्योर गाय का घी एवं देशी घी जप्त किया है जिसकी कीमत 405720 रुपए है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी गोले ने बताया कि दोनो खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 850.40 लीटर घी जप्त किया है जिसका कुल मूल्य 603320 रुपए है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी।

एनालॉग पनीर क्या है?

एनालॉग पनीर अक्सर वनस्पति तेल, स्किम्ड मिल्क पाउडर और स्टार्च जैसे तत्वों से तैयार किया जाता है। यह असली पनीर की तुलना में सस्ता होता है, लेकिन इसमें पोषक तत्व कम होते हैं। इसके सेवन से स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकते हैं, विशेषकर यदि इसमें मिलावट की गई हो। उपभोक्ताओं को ऐसे उत्पादों से बचने और केवल विश्वसनीय स्रोतों से पनीर खरीदने की सलाह दी जाती है।

Updated on:
14 Aug 2026 12:27 pm
Published on:
14 Aug 2026 12:27 pm