
जिले में अवैध शराब कारोबारियों का हौसला इतना बढ़ गया है कि वह अब विधायक तक की धमकी देने लगे है। सोमवार को ऐसा ही एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें अवैध शराब की बिक्री रोकने गई महिलाओं को शराब कारोबारी विधायक कंचन तनवे का भांजा होने की धौंस जमाते हुए डरा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद विधायक कंचन तनवे ने साफ कहा कि कोई भी सडक़छाप हमारा नाम लेता है, तो उससे हमारा कोई नाता नहीं है।
मामला पिपलौद थाना क्षेत्र के ग्राम खिडग़ांव का है। संयुक्त महिला समिति द्वारा गांव-गांव में अवैध शराब रोकने के लिए समझाइश दी जा रही है। सोमवार दोपहर को समिति की जिलाध्यक्ष ममता मोरे सहित महिलाएं खिडग़ांव में एक दुकान पर बिक रही अवैध शराब के कारोबार को रोकने पहुंचीं थीं। यहां शराब बेच रहे सदानंद नामक युवक ने महिलाओं को धमकाया। युवक ने अपने आप को विधायक कंचन तनवे और उनके पति मुकेश तनवे को मामा-मामी बताते हुए मोबाइल पर बात कराने की धमकी दी।
संयुक्त समिति की ममता मोरे ने मौके से ही विधायक कंचन तनवे को फोन लगाया। फोन उनके पीए ने उठाया, ममता मोरे ने पूरे मामले की जानकारी दी और युवक को फोन पकड़ा दिया। युवक ने अपना नाम सदानंद बताते हुए पीए से कहा कि मैं उनका भांजा बोल रहा हूं। पीए ने कहा कि विधायक अभी किसी मिटिंग में है, उनसे बात नहीं कराई जा सकती। इसके बाद समिति की महिलाओं और युवक में काफी देर बहस होती रही। इस दौरान कोई भी पुलिसकर्मी या आबकारी विभाग के जिम्मेदार भी मौके पर नहीं पहुंचे।
सामाजिक कार्यकर्ता ममता मोरे ने बताया कि गांव-गांव में शराब ठेकेदार डायरी पर शराब बेच रहे है। सोमवार को जब महिला समिति पहुंची तो वहां एक दुकान में अवैध शराब बेची जा रही थी। युवक का कहना था कि डायरी पर ठेकेदार से ही शराब खरीदते है। ठेकेदार ने 19 करोड़ में ठेका लिया है, उसे तो शराब बेचना ही है। जब सामाजिक कार्यकर्ता ममता मोरे ने ठेकेदार से बात की तो उसका कहना था कि हम किसी को भी डायरी पर शराब नहीं बेचते।
इस मामले में विधायक कंचन तनवे ने अपनी सफाई दी है। विधायक तनवे का कहना है कि विधायक बनते ही हर सडक़छाप अपनी रिश्तेदारी उनसे जोडऩे लगा है। उनका केवल एक ही भांजा है जो बाहर रहता है, उक्त युवक से उनका या उनके पति मुकेश तनवे का कोई लेना-देना नहीं है। विधायक ने कहा कि अवैध काम करने वाला चाहे हमारा रिश्तेदार ही क्यों न हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए। इस मामले में विधायक ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से भी कार्रवाई करने की मांग की है।