
कोतवाली थाना क्षेत्र का रामनगर एरिया अधिक संवदेनशील है। जिसमें चिराखदान और मल्टी क्षेत्र अति संवेदनशील होने के साथ ही अपराधिक गतिविधियों का गढ़ भी बनता जा रहा है। सिमी को लेकर भी एक समय चिराखदान क्षेत्र चर्चा में रहा है। इसको देखते हुए यहां रामनगर चौकी बनाई गई। चौकी फिलहाल टीन शेड में संचालित हो रही है।
100 मीटर दूर ही अतिक्रमण
चौकी के लिए चौराहे से कुछ ही दूर करीब 100 मीटर पर जमीन आवंटित है। यहां बकायदा बोर्ड भी लगा है जिस पर यह भूमि पुलिस विभाग के अधिपत्य में हैं लिखा हुआ है। लेकिन इस बोर्ड को लगाकर पुलिस विभाग भूल गया। अब इस जमीन पर अतिक्रमण हो गया है। जमीन के आसपास निजी धर्मशाला और सरकारी स्कूल है। अतिक्रमण के चलते जमीन धीरे-धीरे सिमटती जा रही है।
बजट उपलब्ध, नहीं हो रहा उपयोग
बताया जाता है कि रामनगर पुलिस चौकी के भवन के लिए बजट भी आ गया है, लेकिन इसका उपयोग अभी नहीं हो पाया। इस वित्तीय वर्ष में बजट का उपयोग नहीं होने पर, यह शासन के खाते में वापस चला जाऐगा। इसकी संभावना भी बनी हुई है। ऐसे में जमीन और बजट दोनों होने के बाद भी पुलिस इसका उपयोग नहीं कर पा रही है।