खंडवा

अजब अस्पताल- डाक्टर खड़े रहकर करते हैं मरीजों का इलाज

डाक्टर खड़े रहकर करते हैं मरीजों का इलाज

less than 1 minute read
Dec 05, 2019
khandwa News
khandwa News

खंडवा. जिला अस्पताल की नई बिल्डिंग के प्लास्टर हाउस की टंकी का वॉल्व खुला रहने से बुधवार को पूरे परिसर में पानी भर गया। ओपीडी खुलने के बाद सुबह 9 बजे प्लास्टर हाउस के आसपास के चेंबर्स में पानी भर गया। इससे करीब साढ़े तीन घंटे तक पानी हटाने तक ओपीडी बाधित रही। आपातकालीन स्थितियों में डॉक्टरों को पानी में ही मरीजों को देखना पड़ा। दोपहर करीब 12.30 बजे तक पानी निकाला जा सका।


जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल नई बिल्डिंग के प्लास्टर हाउस में मंगलवार रात प्लंबर काम करने आए। काम के बाद उन्होंने वॉल्व खुला छोड़ दिया। इससे सुबह टंकी में पानी भरने के बाद सुबह 5 बजे ही प्लास्टर हाउस में पानी भरना शुरू हो गया। इसके बाद नई बिल्डिंग के पहले ब्लॉक में पानी भरा। सुबह 9 बजे तक प्लास्टर रूम से सटे चेंबर्स यानी ऑर्थाे, सर्जरी, मनोरोग विभाग, नाक-कान-गला विभाग और दंत रोग विभाग की ओपीडी में पानी भर गया। मरीजों के लिए बने वेटिंग हॉल में जलभराव हो गया। जैसे ही ओपीडी के समय मरीज आने लगे इसका खुलासा हुआ। साफ सफाई के दौरान डॉक्टर्स ने खड़े होकर मरीज देखे।


पानी भर जाने के कारण पांच विभागों में मरीजों का परीक्षण का काम प्रभावित हुआ। इस ब्लॉक में आर्थाेपेडिक और सर्जरी के अलावा मनोरोग विभाग, नाक-कान-गला विभाग और दंत रोग विभाग भी हैं। इन सभी विभागों में औसतन करीब 500 मरीज चेकअप के लिए आ रहे हैं। आर्थाेपेडिक और सर्जरी की ओपीडी में 150-150 मरीज आ रहे हैं, जबकि दंत रोग विभाग में भी औसतन 60-70 मरीज आते हैं।

Published on:
05 Dec 2019 08:39 pm