खंडवा

संजीवनी क्लीनिक में स्थाई डॉक्टर नहीं, मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों के भरोसे इलाज

खंडवा. शहर में आम लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए संजीवनी क्लीनिक अब डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे हैं। करीब दो माह पहले शुरू हुए पांच क्लीनिकों में अब तक स्थाई डॉक्टरों की व्यवस्था नहीं हो सकी है। मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों के भरोसे ही मरीजों का उपचार किया जा रहा है।
2 min read
• •
Updated: 23 Nov 2026, 12:07 PM IST
लालचौकी संजीवनी क्लीनिक पर स्थाई डॉक्टर नहीं।
  • दो माह बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था, स्वास्थ्य विभाग ने शासन से स्थाई डॉक्टरों की मांग की
  • शहर में पांच नए संजीवनी क्लीनिक शुरू करने के बाद भी स्वास्थ्य विभाग नहीं दे रहा ध्यान, मरीजों को नहीं मिल रहा पूरा लाभ

शुरुआती दौर में खानशाहवली कॉलोनी और लालचौकी क्षेत्र के संजीवनी क्लीनिक में जिन दो डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी, वे भी अधिक समय तक यहां सेवाएं नहीं दे सके। एक डॉक्टर का स्थानांतरण हो गया, जबकि दूसरे को अटैचमेंट समाप्त होने के कारण वापस जाना पड़ा। इसके बाद दोनों क्लीनिकों में फिर से मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों के माध्यम से काम चलाया जा रहा है। इधर, संजीवनी क्लीनिकों में स्थाई डॉक्टरों की व्यवस्था को लेकर जिला अस्पताल प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग को पत्र लिखकर शासन स्तर पर डॉक्टरों की मांग की है। विभाग की ओर से भी इस संबंध में शासन को पत्र भेजा गया है, लेकिन करीब दो माह बीतने के बाद भी व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं हुआ है।

मरीज जिला अस्पताल का कर रहे रुख

शहरी क्षेत्र में पांच नए संजीवनी क्लीनिक खानशाहवली कॉलोनी, गुलमोहर कॉलोनी, गणेश तलाई, इंदौर नाका और लालचौकी क्षेत्र में शुरू किए गए थे, ताकि सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए लोगों को जिला अस्पताल तक नहीं जाना पड़े। इसके बावजूद डॉक्टरों की कमी और नियमित सेवाएं नहीं मिलने से इनका उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है। वर्तमान में क्लीनिकों में मुख्य रूप से सर्दी, खांसी और बुखार के मरीज ही पहुंच रहे हैं। कई बार दवाइयों से राहत नहीं मिलने पर मरीजों को जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता है।

प्रतिदिन औसतन 15 से 20 मरीज

एक संजीवनी क्लीनिक में प्रतिदिन औसतन 15 से 20 मरीज ही पहुंच रहे हैं। वहीं दूसरी ओर जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगातार बनी हुई है। अपने क्षेत्र में क्लीनिक खुलने के बावजूद पर्याप्त उपचार और सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलने की उम्मीद से शुरू किए गए क्लीनिकों पर अभी लोगों का भरोसा भी पूरी तरह कायम नहीं हो पाया है। ऐसे में स्थाई डॉक्टरों की नियुक्ति और नियमित ओपीडी शुरू करना स्वास्थ्य विभाग के सामने बड़ी चुनौती बना हुआ है।

सीएमएचओ डॉ. ओपी जुगतावत ने बताया कि संजीवनी क्लीनिक की व्यवस्था को सुधारा जा रहा है। स्थाई रूप से शीघ्र ही डॉक्टरों की नियूक्ति की जाएगी।

Updated on:
23 Nov 2026, 12:07 PM IST
Published on: