
एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम कटने पर विपक्षी पार्टियों ने जमकर बवाल काटा था, अब निर्वाचन आयोग द्वारा नाम जुड़वाने का मौका दिया जा रहा है तो इसमें किसी की रूचि नजर नहीं आ रही है। जिले में चल रहे तीन दिवसीय विशेष अभियान में दूसरे दिन तक महज 627 लोगों ने नाम जुड़वाने के लिए फार्म 6 भरकर दिया है। वहीं, 18 से 19 साल के नए मतदाताओं के नाम जोडऩे की प्रक्रिया भी की गई। जिसमें 1536 नए मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।
इस साल भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम चलाया गया था, जिसमें जिले में 86193 लोगों के नाम कटे थे। मतदाता सूची से नाम कटने पर लोगों ने खूब हंगामा किया था, कांग्रेस ने भी विरोध प्रदर्शन कर निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल खड़े किए थे। अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मप्र भोपाल द्वारा जारी आदेश अनुसार जिले में 7 से 9 अक्टूबर तक विशेष अभियान मतदाता सूची में नाम जोडऩे को लेकर शुरू किया गया है। जिले के 1247 बूथों पर बीएलओ द्वारा प्रक्रिया की जा रही है। बीएलओ दिनभर इंतजार कर रहे है, लेकिन इक्का-दुक्का लोग ही नाम जुड़वाने के लिए मतदान केंद्र तक पहुंच रहे हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नए मतदाताओं के नाम जोडऩे के साथ पात्र मतदाताओं को भी शिविर के माध्यम से सूची में नाम जोडऩे के लिए मौका दिया जा रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस बार सिर्फ फार्म-6 ही लिया जा रहा है। एसआईआर के दौरान नाम जोडऩे के लिए घोषणा पत्र भी भरवाए गए थे। इस विशेष अभियान के तहत मतदाताओं को घोषणा पत्र भरने की अनिवार्यता भी खत्म कर दी है। इसके बावजूद भी लोगों में ज्यादा रूचि नहीं दिख रही है।
एसआईआर के दौरान जिले से कुल 86193 मतदाताओं के नाम काटे गए थे। जिले में अक्टूबर 2025 की स्थिति में कुल 1029806 मतदात थे। एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से मृत्यु वाले 18956, पता नहीं मिलने वाले 7548, स्थाई स्थानांतरण वाले 50784, दो जगह नाम दर्ज वाले 8782 और अन्य कारणों से 123 मतदाताओं के नाम कटे थे। एसआईआर के बाद जिले में कुल 943613 मतदाता शेष बचे थे। मृत और पहले से दर्ज मतदाताओं की कुल संख्या 27708 को हटा दे तो नाम कटने वाले 58485 मतदाताओं को नाम जुड़वाने का दोबारा मौका दिया गया है।
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष शिविर का आज अंतिम दिन है। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर वेरिफिकेशन करेंगे। नए मतदाताओं के नाम भी सूची में जोड़े जा रहे हैं।
प्रफुल्ल शुक्ला, प्रभारी जिला निर्वाचन कार्यालय