खंडवा

शोर मचाने वाली बुलेट पर पुलिस का बुलडोजर, 42 साइलेंसर चकनाचूर

शहर की सड़कों पर बुलेट से पटाखे और गोली जैसी आवाज निकालकर दहशत और शोर फैलाने वालों पर यातायात पुलिस ने बुधवार को अनोखे अंदाज में कार्रवाई का संदेश दिया। एक माह में जब्त किए गए 42 मॉडिफाइड साइलेंसर, 15 प्रेशर हॉर्न और 8 नियम विरुद्ध नंबर प्लेट पुराने बस स्टैंड पर सड़क पर सजाए गए और फिर रोड रोलर चलाकर उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
2 min read
Aug 20, 2026
मॉडिफाइड साइलेंसर को रोड रोलर से नष्ट किया

- 15 प्रेशर हॉर्न और नियम विरुद्ध 8 नंबर प्लेट भी किए नष्ट, यातायात पुलिस ने दिया सख्त संदेश

यातायात पुलिस ने पिछले करीब 30 दिनों से शहर में बुलेट वाहनों पर विशेष नजर रखी थी, जिनमें कंपनी के निर्धारित साइलेंसर को हटाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे। इनसे तेज आवाज निकलने के कारण सड़क पर चलने वाले लोगों के साथ ही रहवासी क्षेत्रों में भी परेशानी की शिकायतें सामने आती रही हैं। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर विशेष अभियान चलाकर यातायात पुलिस ने ऐसे 42 बुलेट चालकों को पकड़ा और वाहनों से मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त किए।


पुराने बस स्टैंड पर मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट किए

बुधवार को यातायात पुलिसकर्मी पुराने बस स्टैंड पहुंचे। यहां सड़क पर जब्त किए गए 42 मॉडिफाइड साइलेंसर एक साथ रखे गए। इनके साथ तेज आवाज करने वाले 15 प्रेशर हॉर्न और नियमों के विपरीत लगाई गई 8 नंबर प्लेट भी रखी गईं। इसके बाद रोड रोलर चलाकर सभी साइलेंसर, हॉर्न और नंबर प्लेट को नष्ट कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने साफ संदेश दिया कि वाहनों में कंपनी के निर्धारित मानकों से छेड़छाड़ कर तेज आवाज करने वाले उपकरण लगाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विशेष रूप से बुलेट में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर पटाखे या गोली जैसी आवाज निकालने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

लोगों ने रात के समय भी कार्रवाई करने की मांग की

मौके पर मौजूद लोगों ने यातायात पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से होनी चाहिए। लोगों ने विशेष रूप से रात के समय तेज आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई करने की मांग की।

प्रेशर हार्न और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से अपील है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। उनके क्षेत्र में कहीं भी मॉडिफाइड साइलेंसर लगी हुई बुलेट दिखाई दे तो फोटो के साथ अपने क्षेत्र के थाने में सूचना दे। - देवेंद्र परिहार, यातायात थाना प्रभारी।

Updated on:
20 Aug 2026 12:15 pm
Published on:
20 Aug 2026 12:15 pm