
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर प्रदेश में 3 दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है। निमाड़ में भी स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े आदिवासी क्रांतिकारियों का समृद्ध इतिहास रहा है। वहीं, वर्तमान में भी आदिवासी अंचल के ग्राम विकास की नई तस्वीर पेश कर रहे हैं। पंचायत के साथ आदिवासी समाज जुडकऱ जनभागीदारी से विकास की मिसाल बन रहे है। खालवा के पटाजन और पंधाना के डेहरिया गांव में जनभागीदारी से हुए बदलाव एक उदाहरण बनकर सामने आया है।
खालवा विकासखंड के जनजातीय बाहुल्य ग्राम पटाजन में पंचायत ने जनसहयोग से गांव की तस्वीर बदलने का प्रयास किया है। करीब 3170 आबादी वाले गांव में पक्की सीसी सडक़ें, नालियां और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था है। आधुनिक सुविधाओं को अपनाते हुए गांव की गलियों और सार्वजनिक स्थलों को सुरक्षित बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। ग्राम सरपंच दिनेश तिरपांचे, सचिव रामदीन युवने ने बताया माता मंदिर सहित करीब 20 सडक़ों पर सोलर लाइट लगाई जा चुकी हैं। सार्वजनिक स्थलों पर 12 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूल में वाईफाई और एलईडी टीवी की सुविधा भी दी जा रही है।
पंधाना विकासखंड के डेहरिया गांव में जनजाति समाज, शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर स्कूल की तस्वीर बदल दी। कभी स्वच्छता, पेयजल और कम उपस्थिति जैसी समस्याओं से जूझ रहे माध्यमिक स्कूल में जनजातीय विकास मंच की टोली और ग्रामीणों ने विकास की नई इबारत लिख दी। जनजातीय विकास मंच, स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों ने मिलकर चंदा एकत्र कर पौधरोपण कराया और व्यवस्थाएं सुधारीं। आज स्कूल क्षेत्र के स्वच्छ और सुंदर स्कूलों में गिना जाता है। बच्चों की उपस्थिति और शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है। अब जिले के शिक्षा अधिकारी भी स्कूल का निरीक्षण कर जनजातीय विकास मंच, स्कूल के शिक्षकों और ग्रामीणों के प्रयासों की सराहना कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 नवंबर को खंडवा आएंगे तथा स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होकर इंदौर के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 2.15 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होकर अपराह्न 3.05 पर खंडवा आएंगे तथा अपराह्न 3.20 बजे ग्राम नहाल्दा के खेल मैदान में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव शाम 5.15 बजे हेलीकॉप्टर से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे।