
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेश में चल रहे तीन दिवसीय जनजातीय गौरव दिवस के दूसरे दिन सोमवार को खंडवा में राज्य स्तरीय आयोजन हुआ। कार्यक्रम में शामिल होने आए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंच से आदिवासी युवाओं को लेकर बड़ी घोषणा की है। अब सरकार हर साल 200 आदिवासी युवाओं को एमपीपीएससी और यूपीपीएससी की तैयारी कराएगी। योजना का क्रियान्वयन अगले साल से होगा।
जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सोमवार को नहाल्दा स्थित ग्रामीण खेल मैदान पर हुआ। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश के 100 आदिवासी युवकों और 100 आदिवासी युवतियों के लिए यह योजना बनाई जा रही है। यूपीपीएससी और एमपीपीएससी की कोचिंग को सेंटर इंदौर में बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार 20 करोड़ रुपए खर्च करेगी। आदिवासी युवाओं को दो साल की कोचिंग दी जाएगी, जिसमें प्रत्येक युवा पर पांच लाख रुपए का खर्च सरकार वहन करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एमपीपीएससी की परीक्षा साल में दो बार कराने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा इससे हमारे युआवों को नौकरियों के लिए अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में विकास योजनाओं की घोषणाएं भी की। उन्होंने कहा इस साल हमने 85 हजार शासकीय पदों पर भर्ती की है। अगला वर्ष 2027 युवा वर्ष के रूप में मनाया जाएगा। इसमें दो लाख नए पदों पर युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ भी दिया गया।
उन्होंने घोषणा की कि प्राकृतिक खेती के साथ दो गाय पालने वाले किसानों को प्रति माह एक हजार रुपए सरकार द्वारा दिए जाएंगे। लाड़ली बहनों के लिए घोषणा करते हुए कहा कि यदि बहनें उद्योगों में काम करती हैं तो उन्हें 12 हजार रुपए पगार मिलेगी और सरकार द्वारा 5 हजार रुपए अलग से दिए जाएंगे। उन्होंने कहा बताओ बहनों ये 1250 रुपए मिलने से ज्यादा अच्छा है ना।
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में जनजाति समाज के कलाकारों ने नृत्य, गीतों की भी प्रस्तुति दी। बिरसा मुंडा के रूप में एक युवा आकर्षण का केंद्र रहा। बुरहानपुर के बिजोरी से आए उमेश पिता रामगोपाल दरसिमा एमए करने के बाद यूजीसी नेट की तैयारी कर रहे है। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने उसे बधाई भी दी।