
जिला पंचायत के वार्ड 6 में रिक्त हुए जिपं सदस्य के पद के लिए मप्र निर्वाचन आयोग द्वारा जारी उप निर्वाचन कार्यक्रम के तहत चुनाव होना है। उपचुनाव में दोनों प्रमुख पार्टियों ने प्रतिष्ठा का प्रश्न बना लिया है। गुरुवार को नामांकन के अंतिम दिन दोनों पार्टियों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ अपने प्रत्याशियों का नामांकन फार्म जमा कराया। राज्य सभा चुनाव में मीनाक्षी नटराजन के फार्म रिजेक्ट होने को देखते हुए कांग्रेस ने एक प्रत्याशी के साथ दो डमी प्रत्याशियों के भी नामांकन जमा किए।
जिपं वार्ड 6 में खंडवा जिले की तीन विधानसभाओं के करीब 30 गांव आते है। पूर्व में यहां से भाजपा समर्थित श्रीराम मोती चौधरी जिपं सदस्य थे, जिनके निधन के पश्चात यह पद खाली होने पर उप चुनाव की स्थिति बनी है। मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत नाम निर्देशन जमा करने की अंतिम तिथि 19 नवंबर गुरुवार तक जिला निर्वाचन कार्यालय में कुल 7 नामांकन पत्र जमा हुए है। कलेक्टर व जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों के नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए हैं उनमें कृष्ण कुमार पिता नंदकिशोर, श्रीराम पिता जीवन चौधरी, जितेंद्र पिता रमेशचंद्र, सुरेश पिता रामलाल, अशोक पिता मोहन पटेल, सिकदार पिता सुरसिंह तथा श्रीराम पिता लक्ष्मण के नाम शामिल है।
नामांकन जमा करने की अंतिम तिथि पर भाजपा और कांग्रेस के जिलाध्यक्षों सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंचे। भाजपा ने श्रीराम चौधरी को अधिकृत प्रत्याशी घोषित करते हुए नामांकन जमा कराया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजपालसिंह तोमर, विधायक नारायण पटेल, विधायक छाया मोरे, जिपं अध्यक्ष पिंकी वानखेड़े, अमर यादव सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस ने धनगांव के वर्तमान सरपंच कृष्ण बिरला को अधिकृत प्रत्याशी बनया है। कृष्ण बिरला बुधवार को ही नामांकन जमा कर चुके थे। नामांकन रिजेक्ट होने के डर से गुरुवार को कांग्रेस ने जितेंद्र पटेल और सुरेश रांडवा के भी नामांकन जमा कराए। इस दौरान जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह, पूर्व विधायक राजनारायण सिंह सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिपं वार्ड 6 के तहत अधिकतर गांव गुर्जर बाहुल्य समाज के है। पूर्व जिपं सदस्य श्रीराम चौधरी भी गुर्जर समाज से थे। वर्तमान में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी श्रीराम जीवन चौधरी और कांग्रेस के तीनों प्रत्याशी भी गुर्जर समाज से ही आते है। दोनों पार्टियों की नजर गुर्जर वोटों पर है।
उपचुनाव के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों की जांच 20 नवंबर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 23 नवंबर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा। मतदान 4 दिसंबर को सुबह 7 बजे से दोपहर 3 तक होगा। मतगणना 8 दिसंबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर होगी। जिला पंचायत सदस्य के लिए निर्वाचन परिणाम की घोषणा 9 दिसंबर को सुबह 10:30 बजे से जिला मुख्यालय पर होगी।