खंडवा

प्री-मानसून की बारिश 2 इंच तक घटी, दिन भी हो गए कम

अब जो पानी गिरेगा वो मानसून का ही कहलाएगा, 25 से 30 के बीच अच्छी बारिश के आसार

2 min read
Jun 22, 2018
Monsoon in Khandwa
Monsoon in Khandwa

खंडवा. प्री-मानसून में झमाझम बारिश का दौर अब कम हो चुका है। इतना ही नहीं बारिश को लेकर जो झड़ी पहले लगा करती थी, उसके दिनों में भी कमी आई है। मौसम विशेषज्ञों की माने तो इसके पीछे कारण मौसम में हो रहा बदलाव है। अमूमन देखा जाए तो 20 जून तक जो बारिश 3 इंच को पार कर जाती थी, वो अभी 2 इंच तक भी नहीं पहुंच पाई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी भी अच्छी बारिश 25 जून के बाद ही होगी। लेकिन वह बारिश भी मानसून की बारिश होगी। इस साल भी जहां मानसून लेट हो चुका है। वहीं प्री-मानसून की बारिश ने भी लोगों को निराश कर दिया है। मानसून की लेटलतीफी ने गर्मी और उमस को बढ़ा दिया है। मप्र में वैसे तो 15 जून तक मानसून दस्तक दे देता है। लेकिन इस बार देरी से आने के कारण जून में भी मई जैसी गर्मी का एहसास हो रहा है। गुरुवार को भी पारा 40 डिग्री पर रहा। मानसून की गति के कम होने के कारण बारिश के आसार अभी कुछ दिन और नहीं है। लेकिन बादलों के चलते तापमान स्थिर जरूर रह सकता है। हालांकि 25 से 30 जून के बीच बारिश की आशंका जताई जा रही है।
इसलिए कम हो गई बारिश
- पर्यावरण में लगातार हो रहा बदलाव
- लगातार कम होते पेड़-पौधे और शहरी इलाकों से सटे जंगल
- प्रदूषण का बढऩा, जल वाष्प (गर्मी के दौरान पानी के भाप) बनने की प्रक्रिया प्रभावित होना

मानसून का सिस्टम बांग्लादेश की ओर मुड़ा, इससे बढ़ गई पारे की चाल
मप्र की ओर बढ़ रहा मानसून बांग्लादेश की ओर मुड़ गया है। जिसके कारण गर्मी का दौर शुरू हो गया। फिलहाल कोई नया सिस्टम बनने की संभावना नहीं है। वैसै तो शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में पिछले दिनों बारिश हुई तो है लेकिन इसके बाद मौसम फिर से साफ हो गया। इससे उमस ही बढ़ी है।
आगे क्या-
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मुताबिक बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना था। यह सिस्टम उड़ीसा, छत्तीसगढ़ की ओर मुडऩे की बजाय बांग्लादेश की ओर मुड़ गया है। इससे मानसून के प्रदेश की ओर बढऩे पर ब्रेक लग गया है। नया सिस्टम सक्रिय होने पर मानसून आएगा। तापमान भी 38 से 40 डिग्री के आसपास बना रहेगा।
जारी रहेगा बूंदाबांदी का दौर
मौसम विभाग के अनुसार प्री मानसून में क्षेत्र में हल्की बूंदाबांदी का दौर जारी रहेगा। गुरुवार को भी शहर में शाम के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। वहीं छैगांवमाखन, देशगांव, तोरनी, रोशिया, खेरदा सहित ग्रामों में 10 मिनट तेज बारिश के बाद बारिश बंद हो गई। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी होती रही। बारिश की इस लंबी खेंच ने सबसे ज्यादा किसानों को चिंतित कर रखा है। क्योंकि किसानों ने खेतों में बोवनी कर दी है। ऐसे में मानसून लेट होने से फसलों को नुकसान की आशंका है।

Published on:
22 Jun 2018 12:20 am