mp news: सांप के डंसने के बाद सर्पमित्र ने खुद सांप को डिब्बे में बंद किया और जिला अस्पताल पहुंचा था, करीब एक हजार से ज्यादा सांपों का कर चुका था रेस्क्यू।
mp news: मध्यप्रदेश के खंडवा में एक युवक के लिए उसका हुनर ही उसकी मौत का कारण बन गया। यहां एक सर्पमित्र को जहरीले सांप ने डंस लिया जिसके कारण उसकी मौत हो गई। सर्पमित्र सांप का रेस्क्यू करने के बाद उसे शांत करने के लिए नहला रहा था तभी जहरीले सांप ने उसे काट लिया। सांप के डंसने के बाद भी खुद सर्पमित्र ने सांप को एक डिब्बे में बंद किया और अपने साथ जिला अस्पताल लेकर पहुंचा। वहां इलाज शुरु हुआ लेकिन सर्पमित्र की जान नहीं बचाई जा सकी।
खंडवा जिले में इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर स्थित भोजाखेड़ी गांव से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां सर्पमित्र आशिक खां मंसूरी को एक छोटी सी चूक भारी पड़ गई और उनकी जान चली गई। आशिक खां मंसूरी एक सांप का रेस्क्यू कर रहे थे। जहरीले सांप को पकड़ने के बाद सर्पमित्र आशिक उसे शांत करने के लिए पानी से नहला रहे थे लेकिन इसी दौरान थोड़ी सी पकड़ ढीली हो गई और जहरीले सांप ने उन्हें डंस लिया।
सांप के डंसने के बाद भी सर्पमित्र आशिक खां मंसूरी ने सांप को नहीं छोड़ा और उसे खुद ही प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर खुद इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया लेकिन बताया गया है कि तब तक जहर शरीर में फैल चुका था और तमाम प्रयासों के बावजूद सर्पमित्र आशिक खां मंसूरी को बचाया नहीं जा सका। सर्पमित्र आशिक की सांप के काटने से मौत होने की खबर से उनके गांव व आसपास के इलाकों में मातम पसर गया। लोगों का कहना है कि आशिक खां मंसूरी हमेशा लोगों की मदद करते थे और अब तक 1 हजार से ज्यादा सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें कई लोगों को राहत दी लकिन अब उनका हुनर ही उनकी मौत बन गया।
जिस सांप ने सर्पमित्र आशिक को डंसा था वो उसे भी प्लास्टिक के डिब्बे में बंद कर अपने साथ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। डिब्बे में बंद सांप इतना उग्र था कि वो बार-बार डिब्बे के अंदर ही फन फैलाकर फन मार रहा था और फुफकार रहा था। जब सांप डिब्बे में फन मारता तो पूरा डिब्बा हिल जाता था, जिसे देखकर लोग हैरान रह गए और कुछ देर के लिए जिला अस्पताल में अफरा तफरी का माहौल बन गया।