
नगरीय प्रशासन ने एपमी अर्बन लॉकर ऐप लांच किया है। इसमें नगरीय क्षेत्र की सेवाएं घर बैठे मिलेंगी। खास बात यह कि एक ही डिजिटल प्लेट फार्म पर विवाह, नामांतरण प्रमाण-पत्र से लेकर प्लंबर, मैकेनिक और राजगीर की सुविधा भी ऐप से जोडऩे की तैयारी, इससे शहर में 50 हजार से अधिक परिवारों को सहूलियत मिलेगी।
शहर के लोगों को अब छोटी-छोटी नगरीय सेवाओं के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने एमपी अर्बन लॉकर ऐपलॉन्च कर दिया है। अब इसे खंडवा में लागू करने की तैयारी चल रही है। नगर निगम ने स्थानीय स्तर पर सेवाओं को जोडऩे का ब्लू प्रिंट तैयार किया है। सब कुछ योजना के तहत हुआ तो आने वाले समय में शहर की अधिकांश जरूरी सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मिल सकेंगी।
अर्बन लॉकर में नागरिकों से जुड़ी सेवाओं और दस्तावेजों को डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की योजना है। विवाह प्रमाण-पत्र, ट्रेड लाइसेंस, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेशन, होर्डिंग लाइसेंस, वृक्ष कटाई-ट्रांजिट प्रमाण-पत्र, सीवरेज कनेक्शन और जल कनेक्शन जैसी सेवाओं को इससे जोड़ा जाएगा। जलकर की रसीद, संपत्ति नामांतरण प्रमाण-पत्र, फायर प्लान स्वीकृति और एनओसी जैसी सेवाएं भी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की तैयारी है।
शहर में रजिस्टर्ड 50 हजार से अधिक परिवारों को इसका सीधा फायदा मिल सकता है। लोगों को प्रमाण-पत्र या दूसरी सेवाओं के लिए बार-बार निगम कार्यालय आने की जरूरत कम होगी। आवेदन और दस्तावेज से जुड़ी प्रक्रिया डिजिटल होने पर समय भी बचेगा।
अर्बन लॉकर का दायरा केवल सरकारी सेवाओं तक सीमित नहीं रहेगा। शहर में विभिन्न सेवाएं देने वाले लोगों का भी पंजीयन किया जाएगा। इसमें प्लंबर, राजगीर, मैकेनिक और श्रमिक शामिल होंगे।
नागरिकों को जरूरत के अनुसार संबंधित सेवा की जानकारी ऐप पर मिल सकेगी। क्षेत्र के आधार पर सेवा प्रदाता तक पहुंच बनाने की सुविधा देने की तैयारी है। इससे स्थानीय सेवा प्रदाताओं को भी डिजिटल प्लेटफॉर्म मिलेगा। इससे उन्हें भी रोजगार मिल सकेंगे।
शहर में ऐस से सेवाओं को जोडऩे की प्रक्रिया नगरीय प्रशासन की गाइडलाइन के अनुसार होगी। निगम स्तर पर प्रारंभिक तैयारी शुरू हो चुकी है। सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफॉर्म पर लाने की योजना है। योजना के अनुसार सभी सुविधाएं लागू होने पर नागरिकों को एक ही ऐप से कई नगरीय सेवाओं का लाभ मिल सकेगा।
एक ऐप पर ये सुविधाएं
विवाह प्रमाण-पत्र
ट्रेड लाइसेंस
फायर सेफ्टी सर्टिफिकेशन
होर्डिंग लाइसेंस
वृक्ष कटाई व ट्रांजिट प्रमाण-पत्र
जल और सीवरेज कनेक्शन
जलकर रसीद
संपत्ति नामांतरण प्रमाण-पत्र
फायर प्लान स्वीकृति
एनओसी
प्लंबर, राजगीर और मैकेनिक का पंजीयन
गौरव खरे, प्रभारी, सहायक जनसंपर्क अधिकारी
एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर शहर से जुड़ी सभी सेवाएं उपलब्ध कराने की तैयारी है। अर्बन लॉकर ऐप नगरीय प्रशासन की ओर से लॉन्च हो चुका है। खंडवा में भी सेवाएं देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। नगरीय प्रशासन की गाइडलाइन के तहत प्रारंभिक तैयारी चल रही है।