खंडवा

भाजपा विधायक के भाई की रहस्यमयी मौत, मोबाइल लोकेशन ट्रेस की तो क्या मिला

पंधाना विधायक के लापता भाई की 24 घंटे बाद भोपाल के कलियासोत डैम में मिली लाश, खुदकुशी की आशंका, डैम के पास बाइक-कपड़े मिले, मोबाइल फोन से ट्रेस हुई लोकेशन
2 min read
Oct 20, 2019
Mysterious death of brother of BJP MLA in bhopal
Mysterious death of brother of BJP MLA in bhopal

खंडवा. जिले की पंधाना विधानसभा से विधायक राम दांगोरे के लापता छोटे भाई चंद्रपाल की लाश शुक्रवार सुबह कलियासोत डैम में मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस अपनी प्रारंभिक जांच में इसे खुदकुशी मान रही है। हालांकि गुरुवार सुबह घर से दूध लेने निकले चंद्रपाल कलियासोत डैम कैसे पहुंचे। वह हादसे का शिकार हुए या उन्होंने डैम के गहरे पानी में छलांग लगाकर खुदकुशी की इसका खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की असल वजह सामने आ सकेगी।

चूनाभट्टी टीआई चैन सिंह रघुवंशी ने बताया मूलत: भील मोहल्ला भवसिंहपुरा निमाड़ पंधाना (खंडवा) निवासी चंद्रपाल दांगोरे (28) मंडी बोर्ड में वाहन चालक के पद पर पदस्थ थे। वह मंदाकिनी कोलार रोड में प्रमोद गजभिए के मकान में किराए का कमरा लेकर पत्नी व डेढ़ साल के बेटे के साथ रहते थे। हर रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब सात बजे चंद्रपाल मोहल्ले में दूध लेने घर से निकले। करीब एक घंटे तक वापस नहीं आने पर पत्नी ने मकान मालिक को पति के घर नहीं लौटने की जानकारी दी। मकान मालिक ने उन्हें फोन किया। लेकिन चंद्रपाल ने रिसीव नहीं किया। पत्नी ने परिचितों को इसकी जानकारी देकर तलाश शुरू की। लेकिन कहीं सुराग नहीं लगा। सुबह करीब 11 बजे मकान मालिक गजभिए ने कोलार थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने तलाश शुरू कर मोबाइल लोकेशन निकाली। लोकेशन कलियासोत डैम के पास मिली। दोपहर करीब 2 बजे मौके पर पहुंची। जहां पुलिस को चंद्रपाल की बाइक डैम की मेड़ के पास पार्क मिली। जबकि कपड़े पानी के पास सीढ़ी पर मिले। शुक्रवार सुबह से डैम में उनकी तलाश शुरू हुई। करीब 8 बजे गहरे पानी के बीच चंद्रपाल का गोताखोरों को शव मिला। दोपहर में पीएम के बाद परिजन उनका शव लेकर खंडवा रवाना हो गए।
युगल जोड़ों को सीढ़ी के पास से भगाया

बताया गया कि दोपहर में चंद्रपाल को कलियासोत डैम में घूमते हुए युगल जोड़ों ने देखा था। वह युवक-युवतियों को पानी में तैरना सिखाने को लेकर डरा रहे थे। इस पर युगल जोड़े डर की वजह से डैम की सीढ़ी के पास स्थित दुकान की तरफ भाग आए। युवकों ने मौके पर मौजूद पुलिस को चंद्रपाल की संदिग्ध गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। पुलिस डैम में देखने पहुंची। लेकिन चंद्रपाल गायब मिले। माना जा रहा है कि इसी बीच चंद्रपाल पानी में डूबे होंगे।
टूल बाक्स में मिला मोबाइल

पुलिस को चंद्रपाल का मोबाइल बाइक के टूल बाक्स में मिला। पुलिस ने जब उनका मोबाइल बरामद किया तो उसमें 50 से अधिक मिस कॉल थे। ऐसे में पुलिस मान रही कि चंद्रपाल ने सुबह से ही फोन उठाना बंद कर रखा था। बाइक की चाबी उनके चड्ढे की जेब में मिली है।

विधायक भाई पुलिस के साथ तलाश में जुटे रहे

चंद्रपाल के बड़े भाई भाजपा विधायक राम दांगोरे को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया। अधिकारियों के साथ मिलकर चंद्रपाल के मोबाइल की लोकेशन निकलवाई। देर रात वह पुलिस अधिकारियों के साथ भाई की तलाश में जुटे रहे।
मकान मालिक: वजह मुझे नहीं पता

चंद्रपाल के मकान मालिक प्रमोद भी मंडी बोर्ड में पदस्थ हैं। उन्होंने बताया कि चंद्रपाल के बारे में उन्हें अधिक जानकारी नहीं है। वह पिछले चार माह से उनके मकान में रह रहा था। किसी तरह की समस्या चंद्रपाल ने उन्हें नहीं बताई थी। पत्नी ने भी कुछ नहीं बताया है।

Updated on:
20 Oct 2019 12:05 am
Published on:
20 Oct 2019 12:05 am