एक निकाय ऐसा भी... मप्र के नगरीय निकायों में हुए चुनावों के परिणामों में बड़वानी जिले के एक निकाय में बीजेपी अपना खाता भी नहीं खोल पाई है।
खंडवा/बड़वानी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां कांग्रेस मुक्त का नारा देते हैं तो वहीं मप्र के नगरीय निकायों के परिणाम में परिणाम ठीक इसके उलट आए। एक निकाय ऐसा भी है, जहां भाजपा का ही सूपड़ा साफ हो गया।
ये निकाय मप्र के बड़वानी जिले की नगर परिषद अंजड़ है। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस की प्रत्याशी संतोष शेखर पाटनी 4380 वोटों से जीतीं। यहां पार्षद पद के लिए सभी कांग्रेस के प्रत्याशी विजयी रही। बीजेपी यहां खाता भी नहीं खोल पाई।
अध्यक्ष पद पर ये रहे परिणाम
नगर परिषद अजंड में कांग्रेस की प्रत्याशी संतोष शेखर पाटनी का मुकाबला भाजपा की आरती बसंल से था। परिणाम आए तो जीत संतोष की हुई। कांग्रेस प्रत्याशी को 9487 और भाजपा प्रत्याशी को 5107 वोट मिले, जबकि 402 लोगों ने नोटा का उपयोग किया। जीत-हार का अंतर 4380 वोटों का रहा। भाजपा संगठन अब इस हार की समीक्षा करने की बात कह रहा है।
15 वार्ड, 13 में कांग्रेस, 2 में निर्दलीय
अंजड में कुल 15 वार्ड हैं, इनमें से 13 पर कांग्रेस के प्रत्याशियों ने जीत हासिल की, जबकि दो वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों को जीत मिली है। खास बात ये है कि ये दोनों निर्दलीय प्रत्याशी भी कांग्रेस के बागी ही हैं। भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी यहां जीत का खाता नहीं खोल पाए।
सेंधवा में बसंतीबाई निर्विरोध
सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी की बसंती बाई यादव निर्विरोध अध्यक्ष पद पर चुनी गई। रिटर्निंग अधिकारी शिवम वर्मा द्वारा जीत का प्रमाण-पत्र दिया गया।
बड़वानी जिले में ये बनी स्थिति
बड़वानी- कांग्रेस
सेंधवा- भाजपा
अंजड़- कांग्रेस
राजपुर- भाजपा
पलसूद- भाजपा
पानसेमल- भाजपा
खेतिया- कांग्रेस
परिणाम से पहले भाजपा प्रत्याशी ने मानी हार
मप्र के बड़वानी जिले से एक चौंकाने वाली खबर आ रही है। यहां नगरीय निकाय चुनाव में परिणाम आने से पहले ही भाजपा प्रत्याशी प्रेमसिंह पटेल ने हार मान ली। बीजेपी प्रत्याशी प्रेमसिंग पटेल मतगणना पूरी होने से पहले हार मानते हुए मतगणना स्थल से रवाना हो गया। पार्टी कार्यकर्ताओं पर भितरघात का आरोप भी लगाया है।
ओंकारेश्वर में भाजपा की जीत
खंडवा जिले के ओंकारेश्वर नगर परिषद बनने के बाद इस बार कांग्रेस को पछाड़ते हुए भाजपा प्रत्याशी ने अपना कमल खिला दिया है। सुबह 9 बजे से नगर परिषद के हायर सेकेंडरी स्कूल में चल रही मतगणना में 10.30 बजे तक सभी चरणों के मतगणना पूरे हुए और अंतत: दौलत सिंह परिहार कांग्रेस प्रत्याशी को 1622 मतों से मात देते हुए अंतरसिंह बारे भाजपा प्रत्याशी ने अपनी जीत दर्ज की। वहीं, 15 वार्डों में 12 वार्ड में भाजपा तथा 3 वार्डों में कांग्रेस के प्रत्याशी विजेता रहे।